Israel Iran War: खामेनेई की मौत का जिक्र कर हैदर नकवी ने ईद पर लोगों से की खास अपील, बांहों पर बांधें काली पट्टी, शोक का प्रतीक

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी को तेहरान पर हमला कर दिया जिसमें ईरान के सुप्रीम लिडर अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई की मौत हो गई थी। इस बीच ऑल इंडिया शिया काउंसिल के प्रवक्ता मौलाना जलाल हैदर नकवी का बयान सामने आया है। उन्होंने खामेनेई की शहादत पर बोलते हुए उन्होंने लोगों से इस बार सादगी से ईद मनाने की बात कही है। इसके साथ ही उन्होंने कहा है, नमाज के दौरान लोग अपनी बांहों में काली पट्टी बांधें और बड़े कार्यक्रमों से परहेज करें। आपको बता दें, युद्ध को 18 दिन हो चुका है लेकिन जंग रुकने का नाम नहीं ले रही है। इस जंग से खाड़ी के ज्यादातर देश सीधे प्रभावित हो रहे हैं।
इस वर्ष ईद सादगी से मनाई जाए- हैदर नकवी
ऑल इंडिया शिया काउंसिल के प्रवक्ता मौलाना जलाल हैदर नकवी ने आज पत्रकारों से सीधे बात की। इस दौरान उन्होंने कहा "जंग का माहौल है और ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई शहीद हो गए, उनका अंतिम संस्कार अभी तक नहीं हुआ है, ये एक बड़ा गम है। देश के प्रमुख उलेमाओं के साथ हमारी बात हुई है। इसके साथ ही शिया और सुन्नी धार्मिक नेताओं से भी बातचीत हुई है। यह घोषणा की गई है कि इस वर्ष ईद सादगी से मनाई जाए और नमाज के दौरान शोक के प्रतीक के रूप में लोगों को अपनी बांहों पर काली पट्टी बांधनी चाहिए।''
हाथ पर काली पट्टी बांधने की- अपील
आगे उन्होंने कहा ''सादगी से ईद मनाने का मतलब यह है कि जो बड़े कार्यक्रम हैं, ईद मिलन समारोह हैं, पब्लिक गैदरिंग के प्रोग्राम हैं, उनसे ईद के मौके पर परहेज करें। बाकी जो परंपरागत चीजें जो चली आ रही हैं, जैसे ईद की नमाज पढ़ना, बच्चों को अच्छे कपड़े पहनाना, गले मिलना, सेवई खिलाना, एक दूसरे के घर आना जाना, ये सभी चीजें उसी अंदाज में रहेंगी जैसा होता चला आया है लेकिन जो पब्लिक गैदरिंग के बड़े फंक्शन हैं, उनसे परहेज करने की अपील की गई है। हाथ पर काली पट्टी बांधने की बात इसलिए की गई है ताकि जुल्म के खिलाफ जो प्रदर्शन है वो जारी रहे।''
सड़को पर उतरा शिया समुदाय
खामेनेई की मौत के बाद से देश के अलग-अलग हिस्सों में शिया समुदाय के लोग भड़के हुए हैं। देश की राजधानी दिल्ली समेत अन्य राज्यों में शिया समुदाय के लोग सड़कों पर उतर आए हैं। इस दौरान उन्होंने अमेरिका और इजराइली सैन्य कार्रवाई के खिलाफ अपने गुस्से का इजहार भी किया।
Created On :   17 March 2026 9:43 PM IST












