Rajya Sabha Election Result 2026: शानदार प्रदर्शन से फूली नहीं समा रही NDA, विपक्ष का फूटा गुस्सा, कांग्रेस ने लगाए गंभीर आरोप

शानदार प्रदर्शन से फूली नहीं समा रही NDA, विपक्ष का फूटा गुस्सा, कांग्रेस ने लगाए गंभीर आरोप
राज्यसभा चुनाव में एनडीए के शानदार प्रदर्शन के बाद तमाम पार्टियों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही है। विपक्षी दल कांग्रेस ने बीजेपी पर बड़ा आरो लगाया है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राज्यसभा चुनाव 2026 के परिणाम पर कई नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। NDA के सहयोगी दल शानदार प्रदर्शन को लेकर बेहद खुश नजर आ रहे हैं। दूसरी ओर विपक्ष भारतीय जनता पार्टी पर जोरदार निशाना साध रहा है। तो चलिए जानते हैं किसने क्या कहा?

आशीष सूद की प्रतिक्रिया

दिल्ली सरकार में मंत्री आशीष सूद ने कहा कि देश में विभिन्न जगहों पर NDA का आगे बढ़ना, यह सरकार की नीतियों की और हमारे नेतृत्व की स्वीकार्यता को दर्शाता है।

संजय झा ने क्या कहा?

JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा कि हम शुरूआत से कह रहे थे कि समर्थन के अनुसार पांचों सीटों पर हमारे उम्मीदवार आराम से जीतेंगे। जो नंबर का खेल है, उसमें NDA को कोई बहुत समस्या तो थी नहीं और उसी के अनुसार नतीजे भी आए। बिहार में आगे बहुत काम भी होना है इसलिए बहुत लोग चाहते भी हैं कि उनके क्षेत्र का काम हो।

रविंदर सिंह का रिएक्शन

दिल्ली सरकार के मंत्री रविंदर इंद्राज सिंह ने राज्यसभा चुनाव के नतीजों पर कहा कि क्लीन स्वीप होना ही था। ये पूरा देश सनातनी है और सनातनी ही रहेगा। अब इसके बाद बंगाल की बारी है।

मनोज तिवारी का बयान

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने राज्यसभा चुनाव के नतीजों पर कहा कि अब वे(नितिन नवीन) राज्यसभा में आ गए हैं। अगर एक राष्ट्रीय अध्यक्ष केंद्र की व्यवस्था में है, तो पूरे देश को, पार्टी को चलाना उनके लिए और आसान हो जाता है। हम बहुत खुश हैं। हमने पांचों सीटें जीत लीं। सभी ने अंतरात्मा से वोट दी। हमने यहां नितिन नवीन का स्वागत किया।

बांसुरी स्वराज की प्रतिक्रिया

भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने राज्यसभा चुनाव के नतीजों पर कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के बहुत बहुत बधाई। बिहार की जनता को इस राज्यसभा चुनाव में जो क्लीन स्वीप हुई है उसकी बहुत-बहुत बधाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर इस देश का जो विश्वास है ये उसी का परिणाम है।

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस के नेता जो देश विरोधी रवैया अपना रहे हैं, खासकर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, उसके बाद ये नतीजे दिखाते हैं कि खुद उनका कार्यकर्ता उनसे रूठा हुआ है।

सिरसा ने क्या कहा?

दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि NDA द्वारा क्लीन स्वीप देश में हो रहा है। राहुल 'बाबा' के रहते देश में यही हाल होने वाला है। वे पूरी दुनिया की बातें करते हैं लेकिन उनसे अपनी पार्टी नहीं संभाली जाती है। आज देश के लोगों ने बताया है कि देश का विश्वास किसमें है। पूरा देश जानता है कि जब से कमान पीएम मोदी के हाथों में आई है तब से देश का विकास हुआ है। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जो बिहार से आते हैं, उनके आने से एक अलग ही माहौल बना है। कार्यकर्ताओं के अंदर उत्साह है।

नितिन नवीन ने भी किया रिएक्ट

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राज्यसभा चुनाव के नतीजों पर कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में NDA की प्रचंड जीत हुई है। दिल्ली प्रदेश के कार्यकर्ताओं को बधाई।

कांग्रेस सांसद का बयान

कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने राज्यसभा चुनाव परिणाम पर कहा कि हमारा यह इल्जाम साबित हो गया कि भाजपा धन, बल और अपनी सरकार का पूरी तरह से दुरुपयोग करके बलपूर्वक वोट डालने की स्वतंत्रता पर आघात करती है। विधायकों को पैसा देती है। यह गंभीर विषय है और इसपर निश्चित रूप से सरकार को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

नीरज कुमार ने रखी बात

JDU नेता नीरज कुमार ने राज्यसभा चुनाव के नतीजों पर कहा कि राज्यसभा चुनाव में NDA की शानदार विजय और महागठबंधन की शर्मनाक विजय हुई है, जिसके नेतृत्व कर्ता तेजस्वी यादव थे। वे बिहार से फरार हो गए हैं और आरोप हम पर लगा रहे हैं कि उनके विधायकों को डराया गया और धमकाया गया लेकिन उन्होंने ऐसा कोई साक्ष्य पेश नहीं किया। आप महागठबंधन के घटक दल AIMIM को अपना उम्मीदवार नहीं बनाने दिया और धनबल वाले को उम्मीदवार बनाया। होटल के बिल का भुगतान किसने किया? गैस की किल्लत की जो बात उठा रहे थे, वहां होटल में क्या विधायकों को लकड़ी के चूल्हे पर भोजन बनाकर खिलाया गया? इन तमाम बातों की जानकारी दीजिए। कांग्रेस पूर्व में भी कह चुकी है कि तेजस्वी यादव हार के कारक हैं।

बीजेपी पर निशाना

शिवसेना (UBT) MP संजय राउत ने राज्यसभा चुनाव के नतीजों पर कहा कि क्रॉस वोटिंग हमेशा होती है। भाजपा जो अपने आप को नीतिमान पार्टी बताती है, उन्हें शर्म आनी चाहिए कि पैसे देकर वे देश के सर्वोच्च सदन में खेल करते हैं, विधायकों को खरीद लेते हैं और चुनाव जीतते हैं। भाजपा को मजा आ रहा है लेकिन देश के लोगों को सजा मिल रही है। विपक्ष एक साथ है चाहें ओडिशा हो, हरियाणा हो या बिहार हो। फिर भी सत्ता और पैसे के बल पर विधायक खरीद लिए जाते हैं। ओडिशा, बिहार और हरियाणा में फिर एक बार इस देश ने ऐसा होते देखा है ओर ये बहुत गलत है।

गिरिराज सिंह की प्रतिक्रिया

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राज्यसभा चुनाव के नतीजों पर कहा राहुल गांधी के नेतृत्व को कांग्रेस के कुछ विधायकों ने नकार दिया है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है और राहुल गांधी को पहले अपना घर संभालना चाहिए। तेजस्वी यादव अब विपक्ष के नेता पद पर रहने लायक नहीं हैं। उन्हें खुद इस्तीफा दे देना चाहिए।

पप्पू यादव का रिएक्शन

पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने राज्यसभा चुनाव परिणाम पर कहा कि विपक्ष के नेता (बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव) का दायित्व था कि वो सबसे बात करें। उन्होंने किसी से बातचीत नहीं की। यह गलत है। विपक्ष के नेताओं की जिम्मेदारी बनती है कि वो सबके साथ बैठक करें। विपक्ष के नेता की जो भूमिका होती है, उस जिम्मेदारी को उनको निभाने की जरूरत है।

Created On :   17 March 2026 11:20 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story