Haryana Rajya Sabha Election Result: राज्यसभा चुनाव रिजल्ट के बाद से ही कांग्रेस पार्टी में अनबन! कार्यकारी अध्यक्ष ने अपने पद को कहा अलविदा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हरियाणा की दो राज्यसभा सीटों पर चुनाव हुए थे, जिनके रिजल्ट्स आ गए हैं। जिसमें कांग्रेस एक सीट जीत गई है लेकिन अब पार्टी के अंदर ही हलचल देखने को मिल रही है। कांग्रेस के पांच विधायकों ने निर्दलीय प्रत्याशी सतीश नांगल के पक्ष में वोटिंग की है। इसी बीच हरियाणा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रामकिशन चौधरी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। रामकिशन चौधरी की पत्नी शैली चौधरी नारायणगढ़ से कांग्रेस विधायक हैं। नेता विपक्ष भूपेंद्र हुड्डा ने उनके इस्तीफे की पुष्टि की है।
क्या बोले दीपेंद्र सिंह हुड्डा?
हरियाणा राज्यसभा चुनाव पर कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि राज्य का हर एक नागरिक बधाई का पात्र है। कांग्रेस विधायकों ने साजिशों का पर्दाफाश करने और लोकतंत्र की रक्षा में अहम भूमिका निभाई है। इसके लिए वो प्रशंसा के पात्र हैं। साथ ही बीजेपी ने सिर्फ एक राज्यसभा सीट के लिए हर हथकंडा अपनाया था और ऐसी अनैतिक राजनीति शायद ही देश में कभी देखने को मिली है।
यह भी पढ़े -यूपी एटीएस ने मुरादाबाद से आईएसआईएस के ऑनलाइन मॉड्यूल से जुड़े बीडीएस छात्र को किया गिरफ्तार
बीजेपी पर लगाए आरोप
रोहतक से कांग्रेस सांसद ने बीजेपी पर जमकर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा है कि साम-दाम दंड भेद के प्रयोग किए गए। बोली लगाई गई और दबाव डाला गया। जहां लोभ लालच देना था वहां ये सब किया गया ताकि राज्यसभा की एक सीट जीतें, लेकिन कांग्रेस के हमारे विधायकों ने खरीद फरोख्त के तूफान को रोकने का काम किया। जब खरीद फरोख्त नहीं चल पाई तो रात के अंधेरे में प्रजातंत्र का गला घोंटने की भी कोशिश की गई है। काउंटिंग में जो हमारी 4 वोट अवैध की गई, वो सारे ही वैध वोट हैं।
प्रजातंत्र की बताई जीत
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने आगे कहा है कि बीजेपी का प्लान ये था कि इनेलो आकर उनको वोट दे लेकिन जब उन्हें ये पता चल गया कि कांग्रेस के उम्मीदवार जीत चुके हैं तो वे इनेलो मैदान ही छोड़कर भाग गए। हमारे नायक विधायकों ने प्रजातंत्र को बचाने का काम किया। उन्होंने साबित कर दिया कि ईमानदारी और नैतिकता पार्टी में है। ये जीत प्रजातंत्र की जीत है। ये जीत जनतंत्र की जीत है। ये लड़ाई यही नहीं रूकेगी, प्रजातंत्र को बचाने के लिए हम प्रदेश के कोने-कोने में जाएंगे।
Created On :   17 March 2026 5:16 PM IST












