Ram Mandir Donation: राम मंदिर चंदा चोरी पर आरएसएस का सबसे बड़ा बयान, दत्तात्रेय बोलेः कठोर दंड मिलना चाहिए...'

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। अयोध्या के राम मंदिर चंदा चोरी मामले को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तरफ से पहली प्रतिक्रिया दी गई है। संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले ने इस घटना को लेकर दुख जताया है। उनका कहना है कि मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है, इसलिए ही इस तरह की घटना से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा है कि मामले की पूरी जांच होनी चाहिए और जो भी दोषी निकले, उसको सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। साथ ही मंदिर की व्यवस्था को और ज्यादा मजबूत बनाने पर भी उन्होंने जोर दिया है, जिससे ऐसी घटना दोबारा ना हो।
दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
दत्तात्रेय होसबले का कहना है कि ट्रस्ट के अनुरोध पर उत्तर प्रदेश सरकार ने एसआईटी बनाकर जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी ईमानदारी से हो और जो भी व्यक्ति दोषी मिले, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। उनका मानना है कि इससे लोगों का भरोसा बना रहेगा।
मंदिर की व्यवस्था बेहतर करने की सलाह
दत्तात्रेय ने आगे कहा कि इस घटना के बाद लोगों के मन में कई सवाल उठे हैं। इसलिए मंदिर की व्यवस्था, पैसों के हिसाब-किताब और पूरे प्रबंधन को साफ और पारदर्शी बनाया जाए। जिससे श्रद्धालुओं का विश्वास और मजबूत हो।
यह भी पढ़े -कर्नाटक में मस्जिदों से कराई जा रही है एसआईआर की प्रक्रिया बी.वाई. विजयेंद्र
लोगों से धैर्य रखने की अपील, फिर होगा ऑडिट
आरएसएस ने लोगों से शांति और धैर्य बनाए रखने की अपील की। साथ ही कहा कि कुछ लोग इस मामले का गलत फायदा उठाने की कोशिश कर सकते हैं, इसलिए अफवाहों से बचना चाहिए। उधर, एसआईटी अब ट्रस्ट के पिछले पांच साल के खातों की दोबारा जांच करेगी। इसमें दान की रकम के साथ सोना, चांदी और दूसरे कीमती सामान का रिकॉर्ड भी देखा जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा है कि अभी जो भी भ्रम और असमंजस की स्थिति बनी हुई है वो नहीं होनी चाहिए। इसको लेकर हमारी अपेक्षा है कि सभी जरूरी पहल मंदिर प्रबंधन और सरकार की तरफ से गठित एसआईटी करेंगे।
Created On :   3 July 2026 4:08 PM IST




