बिहार में बड़ा हादसा: नालंदा के मंदिर में श्रद्धालुओं के बीच मची भगदड़, 8 की मौत, 12 घायल

नालंदा के मंदिर में श्रद्धालुओं के बीच मची भगदड़, 8 की मौत, 12 घायल
बिहार में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। नालंदा के एक मंदिर में सुबह भगदड़ मचने से 8 लोगों की मौत हो गई और करीब 12 लोग घायल हो गए

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार के नालंदा में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। नालंदा के एक मंदिर में सुबह भगदड़ मचने से 8 लोगों की मौत हो गई। जबकि, 12 लोग घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है। बताया जा रहा है कि घटना दीपनगर थाना इलाके के मघड़ा स्थित शीतला मंदिर में हुई है।

नालंदा के शीतला मंदिर में मची भगदड़

जानकारी के मुताबिक, मंदिर परिसर में भीड़ की उमड़ने से और व्यवस्था न हो पाने से भगदड़ मची है। इस घटना के बाद राहत बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। फिलहाल, प्रशासन की ओर से भगदड़ में मरने वालों के आंकड़े जारी नहीं किए गए है।

बता दें, शीतला मंदिर में मंगलवार को श्रद्धालु हजारों की संख्या में यहां पूजा करने के लिए आते हैं। लेकिन, इस मंगलवार को सुरक्षा-व्यवस्था बदहाल रही। मंदिर में पूजा करने पहुंचे श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने से अचानक भगदड़ मच गई। हालांकि, इस भगदड़ का असली कारण पता नहीं चल पाया है। घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। मौके पर एसडीएम भी पहुंच गए।

भगदड़ में 8 श्रद्धालुओं की मौत, 12 घायल

इस घटना में घायल श्रद्धालुओं की संख्या 10 से 12 बताई जा रही है। घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मंदिर परिसर को पूरी तरह खाली कर दिया गया है। इस घटना के बाद भारी संख्या में पुलिस बल पहुंचा।

बता दें, नालंदा विश्वविद्यालय में आज यानी मंगलवार को दीक्षांत समारोह है। राजगीर में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि होंगी। इसके अलावा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल होंगे। उनके साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी रहेंगे। इस घटना को लेकर अब सवाल यह है कि इस तरह के कार्यक्रम के चलते मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही कैसे हुई?

Created On :   31 March 2026 11:47 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story