जम्मू-कश्मीर: कस्टोडियन भूमि घोटाला में ईडी का जांच अभियान , करोड़ों की धोखाधड़ी में कई अधिकारी शामिल

- एसीबी, जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर के आधार पर ईडी ने जांच अभियान चलाया
- सरकारी अधिकारियों के अलावा कई निजी लोग घोटाले के मामले में शामिल
- धोखाधड़ी से कब्जाई गई सरकारी संरक्षक भूमि को जाली दस्तावेजों के जरिए बेचा
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय ने एसीबी, जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर के आधार पर कस्टोडियन भूमि घोटाला में जांच अभियान शुरु किया। जांच टीम को मालूम चला कि इस धोखाधड़ी केस में कई सरकारी अधिकारी तहसीलदार और पटवारी भी मिले हुए हैं। सरकारी अधिकारियों के अलावा कई निजी लोग भी मामले में शामिल रहे हैं। जांच एजेंसी ने बताया कि हड़पी गई जमीन की कीमत करीब 20 करोड़ रुपये है। मामले में आगे की जांच भी जारी है।
2022 से कूटरचित कागज, पिछली तारीख के म्यूटेशन रिकॉर्ड, पावर ऑफ अटॉर्नी, बिक्री विलेख और आधिकारिक राजस्व अभिलेखों में हेराफेरी करके भूमि पर अवैध कब्ज़ा किया था। धोखाधड़ी से कब्जाई गई सरकारी संरक्षक भूमि को बाद में जाली दस्तावेजों के जरिए बेच दिया गया। बेचने से आई रासि को आरोपी व्यक्तियों से संबंधित कई खातों के जरिए, निजी उपयोग के लिए ट्रांसफर किया गया। तलाशी में संपत्ति, राजस्व रिकॉर्ड और डिजिटल साक्ष्य से संबंधित कई आपत्तिजनक दस्तावेज मिले हैं।
आपको बता दें ईडी ने जम्मू उप-क्षेत्रीय कार्यालय ने 22.08.2025 को जम्मू और उधमपुर के विभिन्न स्थानों पर कस्टोडियन भूमि हड़पने के केस में धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के प्रावधानों के तहत जेएंडके सरकार में विभिन्न पटवारियों, तहसीलदारों, बिचौलियों और भूमि हड़पने वालों के खिलाफ तलाशी अभियान चलाया। आरोप है कि ये लोग कस्टोडियन भूमि (निष्कासित लोगों द्वारा छोड़ी गई जमीन , जो पहले पाकिस्तान चले गए थे) से संबंधित फ्रॉड और करप्शन के मामले में लिप्त थे। वह जमीन करीब 502.5 कनाल थी। उस पर अवैध कब्जा करा दिया गया।
जांच एजेंसी के मुताबिक राजस्व अधिकारियों को इस बात की जानकारी थी कि यह जमीन उन लोगों की है, जो अब पाकिस्तान जा चुके हैं। जिस पर कब्जा कराने के लिए निजी व्यक्तियों और भूमि हड़पने वालों से कॉन्टेक्ट किया गया। इस केस में कुछ बिचौलिये और दलाल भी शामिल रहे हैं। इन सब लोगों ने धोखाधड़ी ,आपसी मिलीभगत से जम्मू और उसके आसपास स्थित लगभग 502.5 कनाल सरकारी कस्टोडियन भूमि पर कब्जा कर लिया।
Created On :   25 Aug 2025 3:39 PM IST