ठंड के बीच बारिश की दस्तक!: दिल्ली-यूपी समेत देश के 20 राज्यों में छाया घना कोहरा, कई ट्रेनें और उड़ानें प्रभावित, मौसम विभाग का अलर्ट आज बारिश बढ़ाएगी और ठंड

दिल्ली-यूपी समेत देश के 20 राज्यों में छाया घना कोहरा, कई ट्रेनें और उड़ानें प्रभावित, मौसम विभाग का अलर्ट आज बारिश बढ़ाएगी और ठंड
  • पहाड़ी इलाकों में भी सूखी ठंड
  • ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान पर असर
  • कई इलाकों में घने कोहरे के साथ शीतलहर

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर भारत के अधिकाश राज्यों में शीतलहर का दौर जारी है। सुबह के समय आज कई इलाकों में भीषण ठंड और घना कोहरा छाया रहा। घने कोहरे से देशभर में ट्रेन और उड़ानें देरी से चल रही है। यात्रा सेवा प्रभावित होने से कई लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली में ही 80 ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान पर असर पड़ा है। ये ट्रेनें कई घंटे देरी से चली रही है। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर समेत कई इलाकों में बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक बारिश के बाद मौसम साफ हो सकता है।

नई दिल्ली मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक मंगलवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। सुबह के समय कोहरा छाया रह सकता है। दिन व शाम के समय बहुत हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 17 डिग्री व न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।

उत्तर प्रदेश के अयोध्या में तापमान में गिरावट के कारण शीतलहर और घना कोहरा जारी है। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं।

उत्तरी मैदानी इलाकों में शुष्क मौसम की स्थिति है। पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में घने कोहरे के साथ शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य 5-6 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। घने कोहरे से विजिबिलिटी काफी कम हो गई जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है।

तापमान में गिरावट के कारण जम्मू-कश्मीर और श्रीनगर में शीतलहर जारी।

हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में भी सूखी ठंड पड़ रही है। प्रदेश के कई इलाकों में तापमान शून्य से 15 डिग्री नीचे तक जा रहा है। कड़ाके की ठंड में नदी नाले जमने लगे हैं और पीने के पानी की समस्या आ रही है।

मौसम विभाग ने दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश के सियाना, संभल, जहांगीराबाद, खुर्जा, अतरौली, अलीगढ़ के आस-पास के इलाकों में हल्की से मध्यम या तीव्रता की बारिश से आसार जताए हैं. इसके साथ ही राजस्थान के भरतपुर के आस-पास के इलाकों में भी हल्की से मध्यम तीव्रता के साथ गरज के साथ बारिश होगी.

मध्यप्रदेश के कई शहरों में भी भीषण ठंड है, मध्यप्रदेश के उत्तरी इलाकों में ठंडी हवाओं के साथ सुबह सुबह घना कोहरा छाया रहा। झीलों की नगरी भोपाल में भी सुबह घना कोहना छाया रहा। कोहरे की वजह से विज़िबिलिटी काफी कम हुई जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा।

राजस्थान के जयपुर में घना कोहरा देखने को मिल रहा है।

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में आज तेज बारिश हुई, जिसके कारण सड़कों पर जलभराव देखने को मिला।

Created On :   9 Jan 2024 4:25 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story