Nepal Earthquake: नेपाल में आया भूकंप, उत्तर भारत में भी महसूस किए गए झटके, NCS ने दी जानकारी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। नेपाल में शुक्रवार शाम 7:52 बजे भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। जिसकी तीव्रता 5.0 मापी गई। भूकंप के झटके उत्तर भारत में भी महसूस किए गए हैं। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के मुताबिक, भूकंप शाम 7:52 बजे आया। जिसका केंद्र नेपाल में 20 किलोमीटर की गहराई में था। यूपी के लखनऊ और उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। भूकंप का केंद्र नेपाल के टालेंगाउ के पास था। गुरुवार को सोलापुर जिले में भी 2.6 तीव्रता भूकंप दर्ज किया गया था।
म्यांमार भूकंप में 3000 से ज्यादा की मौत
गौरतलब है कि, हाल ही में म्यांमार और थाईलैंड में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। जिसके चलते अब तक 3,085 लोगों की मौत हो चुकी है। आपदा में करीब 5 हजार लोग घायल हुए हैं। वहीं, अभी भी 341 लोग लापता बताए जा रहे हैं।
7.7 तीव्रता के आए विनाशकारी भूकंप ने म्यांमार में जमकर तबाही मचाई। इसके बाद भारत की भारतीय राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम 'ऑपरेशन ब्रह्मा' के तहत राहत और बचाव कार्य कर रही हैं। इस ऑपरेशन के तहत सैन्य विमानों और जहाजों के जरिए दवाइयां, राशन, भोजन और टेंट म्यांमार भेजे हैं।
Created On :   4 April 2025 9:44 PM IST















