फैक्ट्री में धमाका: हरदा में पटाखा बनाने वाली फैक्ट्री में हुआ धमाका, 74 लोग हुए घायल, अब तक आठ की मौत

हरदा में पटाखा बनाने वाली फैक्ट्री में हुआ धमाका, 74 लोग हुए घायल, अब तक आठ की मौत
  • पटाखा फैक्ट्री में हुआ भीषण धमाका
  • कई लोगों के फंसे होने की आशंका
  • फैक्ट्री में लगातार धमाके हो रहे हैं

डिजिटल डेस्क, हरदा। मध्य प्रदेश के हरदा जिले में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका हुआ है। फैक्ट्री में एक या दो बार नहीं बल्कि एक के बाद एक कई धमाके हो रहे हैं। इस भीषण धमाके की वजह से आग की ऊंची-ऊंची लबटें उठ रही हैं। इन भीषण धमाकों में 74 लोग घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए हॉस्पिटल पहुंचाया गया है। जबकि इस ब्लास्ट में अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है। अभी फैक्ट्री में काम करने वाले ढेरों लोग फंसे हुए हैं।

घटना पर प्रधानमंत्री ने जताया दुख

हरदा में हुए इस भीषण हादसे पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने कहा, "मध्य प्रदेश के हरदा में एक पटाखा फैक्ट्री में दुर्घटना के कारण हुई लोगों की मृत्यु से व्यथित हूँ। उन सभी के प्रति संवेदना जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। जो घायल हुए हैं वे जल्द से जल्द ठीक हों। स्थानीय प्रशासन सभी प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है।

इसके साथ ही उन्होंने मृतकों और घायलों के लिए मुआवजे की घोषणा भी की है। उन्होंने कहा, "इस घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवार को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए का मुआवजा दिया जाएगा।" इससे पहले राज्य सरकार ने भी घटना से प्रभावित होने वाले लोगों और उनके परिवारजनों को मुआवजा देने का एलान किया था।

मुख्यमंत्री ने बुलाई आपात बैठक

इस घटना को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आपातकालिन बैठक बुलाई है। जिसमें उन्होंने अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने गृह सचिव से पूरी घटना की रिपोर्ट मांगी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि फिलहाल हमारी पहली प्रथमिकता फैक्ट्री में लगी आग पर काबू पाना है।

फैक्ट्री में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

जानकारी के अनुसार, यह भीषण विस्फोट हरदा के बैरागढ़ में स्थित पटाखे की फैक्ट्री में हुआ है। धमाके के वक्त फैक्ट्री में कई लोग काम कर रहे थे। इसलिए काफी बड़ी संख्या में लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका है। फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों की ओर से फैक्ट्री में रेस्क्यू जारी है।

इस घटना को लेकर हरदा जिले के कलेक्टर ने बताया, "आज सुबह एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हो गया। बचाव अभियान चल रहा है। छह लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और 59 अन्य घायल हैं। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। जबकि गंभीर रूप से घायल मरीजों को भोपाल और इंदौर शिफ्ट किया जा रहा है।"

मुख्यमंत्री ने किया मुआवजे का एलान

प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बताया है कि इन घायलों के इलाज का सरकारी खर्च पर होगा। घटना में गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए भोपाल और इंदौर शिफ्ट कराया गया है। जबकि घटना में अपनी जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को चार-चार लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। इसके साथ उनके बच्चों की पढ़ाई-लिखाई का खर्च भी सरकार उठाएगी।

न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया है कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हरदा में आग लगने की घटना के संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों से जानकारी ली है। प्रशासन के आला अधिकारी स्थित का जायजा लेने के लिए घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। हालांकि, फैक्ट्री में कितने लोग फंसे हैं, इसकी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

Created On :   6 Feb 2024 6:57 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story