हादसा: बेंगलुरु के रामेश्वरम कैफे में हुआ धमाका, 5 लोग हुए गंभीर रूप से घायल, जांच में जुटी पुलिस

बेंगलुरु के रामेश्वरम कैफे में हुआ धमाका, 5 लोग हुए गंभीर रूप से घायल, जांच में जुटी पुलिस
  • बेंगलुरु के फेमस रेस्टोरेंट में रहस्यमयी धमाका
  • हादसे में बुरी तरह घायल हुए 5 लोग
  • मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम, जांच जारी

डिजिटल डेस्क, बेंगलुरू। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में बड़ा हादसा हुआ है। यहां के फेमस रामेश्वरम कैफे में एक रहस्यमयी ब्लास्ट हुआ है, जिसके बाद आग लगने से पांच लोग बुरी तरह घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही एचएएल पुलिस स्टेशन और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस द्वारा घायलों को बाहर निकालकर इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। आग इतनी भयानक थी कि घायलों का आंकड़ा बढ़ भी सकता है। पुलिस बचाव कार्य में लगी हुई है।

अभी तक विस्फोट की वजह सामने नहीं आ पाई है लेकिन संदेह जाहिर किया जा रहा है कि आग लगने की वजह गैस सिलेंडर में हुआ विस्फोट हो सकता है। वहीं पुलिस ने फिलहाल आतंकी पहलू होने की आशंका से इनकार किया है। फोरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम के साथ डॉग स्कवायड और बम निरोधक दस्ता भी हादसा स्थल पर पहुंच चुका है। जांच के बाद ही धमाके की असली वजह सामने आ पाएगी।

बताया जा रहा है कि जिस समय हादसा हुआ उस दौरान रेस्टोरेंट 3 काम करने वालों समेत 5 लोग उपस्थित थे। तभी जोरदार धमाका हुआ। जैसे ही इसकी खबर लोगों तक पहुंची तो रेस्टोरेंट के बाहर हजारों लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान कई लोग इस घटना का वीडियो बनाते हुए दिखाई दिए। वहीं इस घटना पर बेंगलुरु मध्य से बीजेपी सांसद पीसी मोहन ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट की है। उन्होंने कहा, 'बेंगलुरु सेंट्रल संसदीय क्षेत्र के रामेश्वरम कैफे में रहस्यमयी विस्फोट के बारे में सुनकर चिंतित हूं। मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। अधिकारियों से जांच करने और सभी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह है।'

बता दें कि रामेश्वर कैफे बैंगलुरु को बहुत लोकप्रिय रेस्टोरेंट है। यहां के लजीज पकवानों का स्वाद लेने कई नेता और सेलिब्रिटी आते हैं। हाल ही में बॉलीवुड के सुपरस्टार कार्तिक आर्यन को यहां देखा गया था। उन्होंने यहां कॉफी और डोसे का आनंद लिया था। एक्टर ने इसकी फोटो भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की थी। जिसमें वो रेस्टोरेंट के बाहर डोसा की प्लेट लिए खड़े नजर आ रहे थे।

Created On :   1 March 2024 11:12 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story