देशभर में जमकर बरस रहा है मानसून, राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात, आज भी होगी भारी बारिश

देशभर में जमकर बरस रहा है मानसून, राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात, आज भी होगी भारी बारिश
  • फिर बढ़ा यमुना नदी का जल स्तर
  • गुजरात में आज ऑरेंज अलर्ट जारी
  • मध्यप्रदेश में भी होगी भारी बारिश

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। जुलाई महीने की शुरुआत में नर्म पड़ा मानसून महीना खत्म होने से पहले अपने चरम पर पहुंच गया है। देशभर के कई राज्यों में भारी बारिश की वजह से बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए हैं। जिसमें राजधानी दिल्ली समेत महाराष्ट्र, गुजरात और हिमाचल शामिल है। समान्य से ज्यादा बारिश होने वाले इन राज्यों में आज भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात

जुलाई महीने के पहले सप्ताह में शांत रहने वाला मानसून दूसरे और तीसरे सप्ताह में इतना बरस रहा है कि देश के कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। जहां एक ओर राजधानी दिल्ली में भारी बारिश की वजह से यमुना नदी का जलस्तर करीब डेढ़ मीटर बढ़ गया है। वहीं महाराष्ट्र के कई जिलों में भारी बारिश की वजह से जलभराव, चट्टान खिसकना और लोगों की जान जाने की घटनाएं सामने आ रही है।

आज भी होगी जमकर बारिश

पिछले पूरे हफ्ते की तरह आज भी देशभर में बादल जमकर बरसने वाले हैं। महाराष्ट्र के कई जिलों में तो आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, अगले 24 घंटों में मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात, तेलंगाना, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, कर्नाटक, गोवा, केरल, अरुणाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, ओडिशा, असम, मेघालय में भारी बारिश होने वाली है। वहीं बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, मेघालय में बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।

प्रदेश में भी होगी तेज बारिश

इन दिनों मध्यप्रदेश में बारिश के चार सिस्टम एक्टिव हैं। हालांकि फिर भी प्रदेश के सभी जिलों में बारिश नहीं हो रही है। लेकिन अन्य राज्यों से सटे जिलों में भारी बारिश जारी है। सोमवार को भी राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र से लगे जिलों में तेज बारिश होगी। जबकि राजधानी भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम समेत प्रदेश के 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

Created On :   24 July 2023 6:53 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story