India-China dispute: 'अरुणाचल हमारा अभिन्न अंग..', चीन के बयान पर भारत का जोरदार पलटवार, भारतीय महिला से बदसलूकी पर कही ये बात

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। चीन के अरुणाचल प्रदेश को लेकर दिए भड़काऊ बयान पर भारत ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा था..है..और रहेगा। चीन इस बात से कितना भी मुकरे, यह सच्चाई नहीं बदलने वाली।
दरअसल, चीन ने भारतीय महिला पेम वांगजॉम थांगहॉक के साथ चीन के शंघाई एयरपोर्ट पर हुए गलत व्यवहार के आरोपों के सवाल का जवाब देते हुए जांगनान (अरुणाचल प्रदेश) को लेकर बयान दिया था। चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश हमारा भाग है। चीन ने भारत के अवैध तरीके से बसाए अरुणाचल प्रदेश को कभी मान्यता नहीं दी।
यह भी पढ़े -ट्रंप-शी की कॉल में ताइवान का मसला उठा; जिनपिंग बोले, ‘वापसी अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था का हिस्सा’, ताइपे ने खारिज किया
भारत ने पेम के साथ हुई बदसलूकी के मामले को चीन के सामने कड़े शब्दों में उठाया। भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि महिला को क्यों रोका गया। चीन के अपने नियम भी 24 घंटे तक बिना वीजा ट्रांजिट की अनुमति देते हैं, जो सभी देशों के नागरिकों पर लागू होते हैं।
बता दें कि चीन के शंघाई एयरपोर्ट पर भारतीय मूल की महिला पेम वांगजॉम थांगडॉक के साथ आपत्तिजनक व्यवहार किया गया। पीड़ित महिला ने खुद ये आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन ऑफिसर्स ने उन्हें घंटों रोका रखा और परेशान भी किया।
यह भी पढ़े -'ये स्टेट चीन का हिस्सा..', अरुणाचल की महिला के साथ शंघाई एयरपोर्ट पर अभद्रता, भारतीय पासपोर्ट को मानने से किया इनकार
पेम ने बताया कि एयरपोर्ट अधिकारियों ने उनके पासपोर्ट को अमान्य बताते हुए कहा कि अरुणाचल प्रदेश चीन का हिस्सा है। पेम ने यह भी कहा कि उनसे 18 घंटे तक पूछताछ की और इस दौरान उनका मजाक भी उड़ाया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि इमिग्रेशन अधिकारियों ने उनके पासपोर्ट को जब्त कर, उन्हें जापान जाने वाली फ्लाइट में चढ़ने से रोका। जबकि उनके पास लीगल वीजा था। पेन ने आगे बताया कि पूछताछ के दौरान वहां मौजूद इमिग्रेशन अधिकारियों और चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस के वर्कर्स उनका मजाक उड़ाते रहे। साथ ही उस पर चीनी पासपोर्ट के लिए अप्लाई करने की बात कहकर तंज कसते रहे।
Created On :   25 Nov 2025 11:05 PM IST












