Maharashtra News: ठाणे में परीक्षा से एक दिन पहले TET पेपर लीक का मामला, लाखों उम्मीदवारों की बढ़ी चिंता

ठाणे में परीक्षा से एक दिन पहले TET पेपर लीक का मामला, लाखों उम्मीदवारों की बढ़ी चिंता
महाराष्ट्र TET परीक्षा से पहले पेपर लीक की खबर सामने आई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। ठाणे में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) का पेपर लीक होने की जानकारी मिली है। यह परीक्षा 28 जून को होनी थी लेकिन उससे पहले ही कुछ लोगों के पास सवालों का पेपर मिलने की बात सामने आई। इसके बाद शिक्षा विभाग ने जांच शुरू कर दी है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि मिला हुआ पेपर असली है या सिर्फ प्रैक्टिस के लिए बनाया गया पेपर। इस पूरे मामले के कारण परीक्षा देने वाले छात्रों की चिंता बढ़ गई है। नई तारीख का ऐलान बाद में किया जाएगा।

असली पेपर है या नहीं, हो रही जांच

शिक्षा विभाग यह देख रहा है कि जो पेपर मिला है वह परीक्षा का असली पेपर है या नहीं। अगर जांच में दोनों पेपर एक जैसे पाए जाते हैं तो पुलिस में मामला दर्ज किया जा सकता है। साथ ही, परीक्षा रद्द करने का फैसला भी लिया जा सकता है। अभी तक विभाग और पुलिस की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

4 लाख से ज्यादा छात्रों पर असर

इस परीक्षा में करीब 4 लाख 28 हजार उम्मीदवार शामिल होने वाले थे। पेपर लीक की खबर के बाद इन सभी छात्रों की तैयारी और आगे की योजना पर असर पड़ा है। अब सभी नई परीक्षा तारीख का इंतजार कर रहे हैं।

पहले भी हो चुका है ऐसा मामला

आपको बता दें कि, यह पहली बार नहीं है। इससे पहले साल 2025 में भी कोल्हापुर से TET पेपर लीक होने का मामला सामने आया था। वहीं, हाल ही में NEET परीक्षा को लेकर भी पेपर लीक की चर्चा रही थी। ऐसे मामलों के बाद परीक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल उठने लगे हैं।

Created On :   27 Jun 2026 1:54 PM IST

Tags

Next Story