जातीय तनाव: मणिपुर में फिर गोलियों की गूंज, दो गाड़ियों पर अंधाधुंध फायरिंग, 4 की मौत

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मणिपुर में जातीय हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। राज्य के उखरुल जिले में संदिग्ध उग्रवादियों ने दो चार पहिया वाहनों पर अंधाधुंध फायरिंग की। इस हमले में दो महिलाओं समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। लगातार दूसरे दिन गोलीबारी और हत्याओं की घटनाओं ने मणिपुर में सुरक्षा व्यवस्था और बिगड़ते हालात को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
यह भी पढ़े -CM आवास के बाहर शव रखकर प्रदर्शन, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले, 2 लोगों की हत्या के बाद मचा बवाल
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को यह घटना इंफाल-उखरुल सड़क पर न्यू हेवन इलाके में हुई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हथियारबंद संदिग्ध उग्रवादियों ने दो चारपहिया वाहनों पर गोलियां चलाईं। दोनों गाड़ियों में सवार दो पुरुषों और दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। वाहनों के सामने वाले शीशों पर गोलियों के निशान मिले हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इससे एक दिन पहले भी मणिपुर में गोलीबारी की घटना हुई थी। कांगपोकपी जिले के ताफू कुकी गांव और पड़ोसी सेनापति जिले के कैलेंगजांग के पास दो गुटों के बीच फायरिंग हुई थी। इसमें 42 वर्षीय कुकी महिला की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि दो पुरुष घायल हो गए थे।
यह भी पढ़े -मणिपुर में फिर भड़की हिंसा की आग, कुकी और नागा समुदाय के टकराव में 9 लोगों की मौत, 14 घर जलकर हुए राख
मणिपुर में मई 2023 में मैतेई और कुकी समुदायों के बीच जातीय हिंसा शुरू हुई थी। तब से राज्य में लगातार तनाव और हिंसक घटनाएं सामने आ रही हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार इस हिंसा में अब तक कम से कम 306 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 49 लोग लापता हैं। हजारों लोग अपने घर छोड़ने को मजबूर हुए हैं।
इस साल फरवरी से पहाड़ी जिलों में कुकी और नागा समुदायों के बीच भी झड़पें जारी हैं। इन घटनाओं में अब तक कम से कम 50 लोगों की जान जा चुकी है। ताजा हमले ने राज्य में शांति बहाली की चुनौतियों को फिर उजागर कर दिया है।
Created On :  
