मौसम अपडेट: मानसून की वापसी के बाद भी भारी बारिश का अलर्ट, महाराष्ट्र में चक्रवाती तूफान की चेतावनी, जानें आज का मौसम

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देशभर के अधिकांश राज्यों से मानसून ने अलविदा कह दिया है। लेकिन अब उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में बारिश ने यू टर्न लिया है। मौसम विभाग के मुताबिक, कई राज्यों में फिर से भारी बारिश का दौर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग का कहना है कि, पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने की वजह से ही बारिश वापस आई है। उत्तर प्रदेश-बिहार के साथ-साथ देश के अन्य राज्यों में भी भारी बारिश होने की संभावना जताई जा रही है।
उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश के करीब 32 जिलों में गरज-चमक के साथ पानी गिरेगा। जिसमें गोरखपुर, संतकबीरनगर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, आजमगढ़, जौनपुर, गाजीपुर, मऊ, बस्ती, गोंडा, बलरामपुर, अयोध्या, सुल्तानपुर और लखीमपुर जैसे कई जिले शामिल हैं।
बिहार में कैसा रहेगा मौसम?
बिहार के मौसम के बारे में जानें तो, यहां पर भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। बिहार में तेज आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार पानी गिर सकता है। जिसमें, पटना, मुजफ्फरनगर, छपरा, वैशाली, दरभंगा, भोजपुर और मधुबनी जैसे कई जिले शामिल हैं।
दिल्ली में क्या हैं मौसम के हाल?
दिल्ली में इन दिनों काफी ज्यादा उमस देखने को मिल रही है। मानसून विदा ले रहा है लेकिन अब भी बारिश थमी नहीं है। हल्की-हल्की बारिश हो ही रही है। साथ ही बादल भी छाए रहते हैं, जिससे उमस बढ़ती जा रही है।
महाराष्ट्र में चक्रवाती तूफान
अरब सागर में चक्रवात शक्ति बहुत ही ज्यादा तेजी से कोंकण तट की तरफ बढ़ रही है। मौसम विभाग ने मुंबई के साथ-साथ आसपास के भी कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। लोगों को चेतावनी दी है कि वे समुद्र के किनारे ना जाएं और मछुआरों को भी समुद्री तट से दूर रहने की ही चेतावनी दी गई है।
Created On :   4 Oct 2025 11:26 AM IST