मौसम अपडेट: राजधानी से लेकर उत्तर भारत तक आंधी-बारिश का अलर्ट, जानें कैसा रहने वाला है आपके शहर का मौसम

राजधानी से लेकर उत्तर भारत तक आंधी-बारिश का अलर्ट, जानें कैसा रहने वाला है आपके शहर का मौसम
बारिश और तेज आंधी का दौर अभी थमा नहीं है। मौसम विभाग की तरफ से 8 अप्रैल को दिल्ली-एनसीआर से लेकर यूपी-बिहार तक कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देशभर में मौसम बदला हुआ नजर आ रहा है। कहीं पर तेज बारिश हो रही है तो कहीं पर आंधी ने लोगों की परेशानी बढ़ाई हुई है। कई राज्यों के लोग आंधी-पानी से भी परेशान हैं। भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव हुआ है, जिसका असर देशभर में नजर आएगा। दिल्ली-एनसीआर, यूपी, बिहार के साथ-साथ देश के करीब 11 राज्यों में आंधी और तेज बारिश की संभावना है। इस दौरान कई जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं।

दिल्ली में कैसा रहने वाला है मौसम?

दिल्ली के मौसम के बारे में जानें तो, मौसम विभाग ने 8 अप्रैल को दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर से गरज और चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवा की स्पीड भी 50 किमी प्रति घंटे तक दर्ज की जा सकती है। दिल्ली-एनसीआर में पश्चिमी विक्षोभ के चलते बादलों का आना-जाना भी लगा रह सकता है। 9 अप्रैल को आसमान में बादल छाए रहेंगे। वहीं, आने वाले दो-तीन दिनों के तापमान में भी बदलाव नजर आ सकता है।

यूपी में हो रही भारी बारिश

यूपी में बीते एक-दो दिनों से बारिश का सिलसिला जारी है और अभी भी ये थमने का नाम नहीं ले रहा है। मौसम विभाग की तरफ से 8 और 9 अप्रैल को कई जिलों में बारिश होने की संभावना जताई है। यूपी के जिन भी जिलों में बारिश होने की संभावना है, उसमें लखनऊ, कानपुर, आगरा, मथुरा, सहारनपुर, हापुड़, बरेली, शाहजहांपुर, कन्नौज, सीतापुर और बाराबंकी जैसे कई जिले शामिल हैं।

बिहार में आंधी और बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार, बिहार के कई जिलों में 8 अप्रैल को मौसम काफी ज्यादा बिगड़ा हुआ नजर आ सकता है। भारी बारिश के साथ 60 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं। बिहार के पटना, गया, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, जहानाबाद, नालंदा, दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर, पूर्णिया और किशनगंज जैसे कई अन्य जिले शामिल हैं, जहां पर बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।

पहाड़ी इलाकों में कैसा रहने वाला है मौसम?

मैदानी इलाकों में बारिश और आंधी का दौर जारी है तो पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग की तरफ से उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में 8 से 10 अप्रैल के बीच तेज हवाओं के साथ बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है।

Created On :   8 April 2026 11:12 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story