मौसम अपडेट: आने वाले 48 घंटों तक अधिकांश राज्यों में भारी बारिश के साथ तेज आंधी का अलर्ट, जानें कैसा रहेगा आज का मौसम

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अप्रैल की शुरुआत हो चुकी है। इस मौसम में देश के कई राज्यों में तेज बारिश का दौर देखने को मिल रहा है। कहीं पर तेज बारिश से लोग परेशान हैं, तो कहीं पर ओलावृष्टि के चलते किसानों की परेशानी बढ़ गई है। जिसमें उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा के साथ कई राज्य शामिल हैं। भारत मौसम विभाग ने देश के करीब 13 राज्यों में तेज आंधी और बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना जताई है। साथ ही इस हफ्ते पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत में तेज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले 5 दिनों तक उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्व भारत के तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
यह भी पढ़े -वेस्ट एशिया में जारी तनाव के बीच सरकार का बड़ा फैसला, न्यूज चैनलों की टीआरपी पर 4 हफ्तों की लगाई रोक
दिल्ली में कैसा रहने वाला है मौसम?
दिल्ली के मौसम के बारे में जानें तो, एक बार फिर से भारी बदलाव देखने को मिल रहा है। मंगलवार और बुधवार को बारिश की संभावना तेज है। बारिश के साथ-साथ तेज आंधी लोगों को और ज्यादा परेशान कर सकती है। मौसम विभाग ने 7 से 8 अप्रैल का येलो अलर्ट जारी कर दिया है। दोपहर में बादल छाए रह सकते हैं, साथ ही हल्की बारिश देखने को मिल सकीत है। वहीं, शाम तक 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती है।
यूपी में रुक-रुककर होगी बारिश
उत्तर प्रदेश में बीते एक-दो दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आने वाले 48 घंटों के लिए हाई अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, 7 और 8 अप्रैल को बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना जताई है। जिसमें अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा और औरैया जैसे कई जिले शामिल हैं।
यह भी पढ़े -यूपी में SIR की प्रक्रिया लगभग पूरी, इस दिन जारी होगी फाइनल वोटर लिस्ट, जरूर चेक करें अपना नाम
उत्तराखंड में बर्फबारी की संभावना
मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ी इलाकों में मौसम बदला हुआ है। पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, देहरादून, हरिद्वार और उत्तरकाशी में ओले गिरने की संभावना है। साथ ही इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है।
बिहार में आंधी और बारिश का अलर्ट
बिहार में पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हुआ है, जिसका असर कई जिलों में देखने को मिलेगा। बिहार में आंधी और बारिश के साथ ओलावृष्टि के आसार हैं। मौसम विभाग ने दो दिनों में बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया है।
Created On :   7 April 2026 11:23 AM IST












