मिशन मून: भारत इतिहास रचने को तैयार, आज चंद्रमा पर उतरेगा चंद्रयान-3, सॉफ्ट लैंडिंग के लिए देशभर में पूजा- हवन शुरू

  • चंद्रयान-3 पर दुनिया की टिकी नजर
  • अतंरिक्ष में भारत का तिरंगा

डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। भारत का महत्वाकांक्षी मिशन 'चंद्रयान-3' आज यानी 23 अगस्त को चंद्रमा की दक्षिणी ध्रुव लैंडिंग करने वाला है। भारत की स्पेस एजेंसी भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ( इसरो) के मुताबिक, ये लैंडिंग शाम 6 बजकर 4 मिनट पर चांद की सतह पर होनी है। इसरो सॉफ्ट लैंडिंग की तैयारी शाम के करीब 5.45 बजे से ही शुरू कर देगा। भारत के इस मून मिशन के लिए, देश के हर कोने में प्रार्थना और पूजा पाठ चल रही है ताकि चंद्रयान-3 का उद्देश्य पूरा हो सके।

चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए छतरपुर के बागेश्वर धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और उनका कहना है कि भगवान ने चाहा तो हम आज इतिहास रच देंगे, जिस काम को पूरी दुनिया नहीं कर सकती वो भारतीय कर सकता है। चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए उत्तर प्रदेश के वाराणसी में साधुओं ने हवन किया ताकि भारत का मिशन मून सफल हो सके।

गहलोत ने क्या कहा?

चंद्रयान-3 को लेकर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि, हमने बच्चों को सीएम हाउस में आमंत्रित किया है जहां हम इसे (लाइव स्ट्रीमिंग) देखेंगे। मैं अपने वैज्ञानिकों और इस मिशन से जुड़े सभी लोगों को बधाई देना चाहता हूं। यह एक ऐतिहासिक मिशन है।

चंद्रयान-3 को लेकर इसरो के पूर्व निदेशक ने क्या कहा?

चंद्रयान-3 की सॉफ्ट लैंडिंग को लेकर इसरो के पूर्व निदेशक डॉ. सुरेंद्र पाल ने न्यूज एजेंसी को बताया, मुझे इसरो के वैज्ञानिकों की तरह ही विश्वास है कि हम बहुत बेहतर करेंगे क्योंकि चंद्रयान-2 की तुलना में बहुत सारे बदलाव किए गए हैं। बहुत सारे एल्गोरिदम बदले गए हैं। पूर्ण अंशांकन किया गया है। लैंडर में घूमने की क्षमता है। लैंडिंग क्षेत्र को 2.5 किमी. से बढ़ाकर 4 किमी. कर दिया गया है।

देश से बाहर भी चंद्रयान-3 के लिए प्रार्थना

चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए न्यू जर्सी के मोनरो में ओम श्री साईं बालाजी मंदिर और सांस्कृतिक केंद्र में प्रार्थना की गई है।

भारत का नाम इतिहास में होगा दर्ज

खगोलशास्त्री डॉ आर.सी. कपूर ने चंद्रयान-3 को लेकर कहा, दुनिया और विभिन्न अंतरिक्ष एजेंसियां चंद्रयान पर नजर रख रही हैं। इसरो दुनिया की सर्वश्रेष्ठ अंतरिक्ष एजेंसियों में से एक है। हमें उम्मीद है कि हम सॉफ्ट लैंडिंग में सफल होंगे। इसके साथ ही इसरो चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग करने वाली चौथी एजेंसी बन जाएगी।

Created On :   23 Aug 2023 4:13 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story