जयकारों के साथ आगे बढ़ी अमरनाथ यात्रा, बेस कैंप से 3 हजार श्रद्धालु रवाना, आज जम्मू बंद

डिजिटल डेस्क, जम्मू। अमरनाथ यात्रा में कल रात हुए आतंकी हमले के बाद भी यह नहीं थमी है। आतंकवादियों को शिव भक्तों ने मंगलवार सुबह यात्रा जारी रखकर करारा जवाब दिया है। सोमवार देर शाम हुए आतंकी हमले में 7 तीर्थ यात्रियों की मौत के बाद भी मंगलवार सुबह 3 बजे जम्मू से पहलगाम और बालटाल के लिए यात्रियों का जत्था रवाना हो गया है। श्रीनगर में हुए इस हमले को देखते हुए चाक-चौबंद सुरक्षा बन्दोबस्त के बीच जत्था रवाना किया गया है। लगभग 3000 से ज्यादा यात्रियों का जत्था यात्रा के लिए रवाना हुआ है। हर-हर महादेव..., बम भोले के जयकारों के साथ बाबा बर्फानी के दर्शनों के लिए बक्त आगे बढ़ रहे हैं।
मंगलवार को जम्मू बेस कैंप से सुबह करीब 3।15 बजे पहलगाम के रुट से रवाना हो गए हैं। इस जत्थे में 2389 श्रद्धालु जाएंगे, जिसमें 1529 पुरुष और 537 महिलाएं हैं। वहीं 250 साधु भी होंगे। वहीं बलताल से रुट से 973 यात्री जिसमें 754 पुरुष और 219 महिलाएं श्रद्धालु निकलेंगे। मंगलवार को कुल 3289 यात्री पवित्र गुफा के दर्शन के लिए निकले। इस दौरान कुल 105 छोटे-बड़े वाहन इन्हें ले जाएंगे।
सोमवार रात करीब 8।20 बजे बाइक सवार 2 आतंकियों ने बस पर गोलीबारी की, इसमें 7 लोगों की मौत हो गई, वहीं 32 श्रद्धालु घायल भी हो गए। यह हमला अनंतनाग के बटेंगू क्षेत्र में हुआ। मृतकों में 5 महिलाएं शामिल हैं। श्रद्धालुओं पर इस हमले के बाद पूरे देश में गुस्सा है, पीएम मोदी ने भी इस हमले की कड़ी निंदा की है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि शांतिपूर्ण अमरनाथ यात्रियों पर कायरतापूर्ण हमले पर दुख जताने के लिए शब्द नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि भारत ऐसे कायरतापूर्ण हमलों और घृणा के नापाक मंसूबों के आगे झुकने वाला नहीं है। पीएम ने जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल एन एन वोहरा और मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती से बात की और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। वहीं इस हमले के बाद कश्मीर घाटी में एक बार फिर इंटरनेट सेवा बैन कर दिया गया है।
कांग्रेस ने आतंकियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की मांग की है। सियासी लोगों के अलावा फिल्मी सितारों और खिलाड़ियों ने भी ट्वीट कर शोक जताया है। अमरनाथ श्रदालुओं पर हुए हमले पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, सीताराम येचुरी, गुलाम नबी आजाद के साथ तमाम राजनीतिक दलों के लोगों ने दुःख व्यक्त किया।
हमले के विरोध स्वरूप आज जम्मू बंद
नेशनल कांफ्रेंस, कांग्रेस, विहिप और जेकेएनपीपी सहित कई राजनीतिक दलों ने कश्मीर के अनंतनाग जिले में अमरनाथ यात्रियों पर हुए आतंकी हमले के चलते मंगलवार को शहर बंद का आहवान किया है। विहिप प्रवक्ता राजेश कुमार ने कहा कि हमने अनंतनाग में आतंकी हमले में मारे गए सात अमरनाथ यात्रियों की मौत के विरोध में जम्मू बंद का आहवान किया है। कांग्रेस प्रवक्ता रवींद्र शर्मा ने हमले की निंदा करते हुए कहा कि पार्टी बंद का समर्थन करती है। इनके अलावा जेकेएनपीपी और एनसी ने भी बंद का आवान किया।
गुजरात में अलर्ट जारी
कश्मीर में अमरनाथ यात्रियों पर आतंकी हमले के शिकार लोगों के वलसाड जिले के होने का खुलासा होने के बाद गुजरात में अलर्ट जारी किया गया है। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपानी ने हमले को कायरतापूर्ण कदम बताया और कहा कि भारत ऐसी विचारधारा के सामने कभी नहीं झुकेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मारे गए लोग दक्षिणी गुजरात के वलसाड जिले के रहने वाले हैं। राज्य प्रशासन जम्मू कश्मीर प्रशासन के संपर्क में है, ताकि मारे गए लोगों के शव जल्द से जल्द पहुंच सकें।
पंजीकृत नहीं थी बस
आतंकवादियों ने गुजरात से आए अमरनाथ यात्रियों से भरी एक मिनी बस पर हमला किया था, जो अमरनाथ श्राइन बोर्ड द्वारा अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकृत नहीं थी, इसलिए बस के साथ सुरक्षा में पुलिस भी नहीं थी। पुलिस महानिरीक्षक मुनीर खान ने बताया कि सात श्रद्धालुओं की मौत के बाद घायलों को श्रीनगर के आर्मी बेस हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। यह आतंकवादी हमला अमरनाथ यात्रियों को नहीं, बल्कि सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर किया गया था। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने भी आतंकवादी हमले की चपेट में आई बस के आधिकारिक तौर पर अमरनाथ श्राइन बोर्ड द्वारा पंजीकृत न होने की पुष्टि की है।
अजित डोभाल ने तुरंत किया था सम्पर्क
सोमवार रात हमले के तुरंत बाद ही राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने पीएममो से सम्पर्क कर पीएम नरेन्द्र मोदी से मुलाक़ात कर घटना की जानकारी दी थी। साथ ही आगे की रणनीति पर चर्चा करने के लिए भी उन्होंने बातचीत की थी। सुरक्षा एजेंसियों की पूर्व सूचना के बाद भी इस हमले को अंजाम देने से रोका नहीं जा सका है, जिसे सुरक्षा दृष्टि से बड़ी चूक बताया जा रहा है। मंगलवार सुबह वेंकैया नायडू ने भी सुरक्षा को देखते हुए यात्रियों से पंजीकृत बस में ही यात्रा करने की अपील की है।
Created On :   11 July 2017 8:09 AM IST