बिहार: चिराग पासवान को मिल सकती है लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी

Bihar: Chirag Paswan may get the responsibility of LJP National President
बिहार: चिराग पासवान को मिल सकती है लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी
बिहार: चिराग पासवान को मिल सकती है लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी
हाईलाइट
  • 28 नवंबर को पार्टी स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित होने वाली रैली में चिराग को पार्टी की कमान दिए जाने की घोषणा की जा सकती है

डिजिटल डेस्क, पटना। केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के बेटे एवं सांसद चिराग पासवान को लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) की बिहार इकाई का कार्यवाहक अध्यक्ष बनाए जाने के बाद अब उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने को लेकर भी कयास लगाए जाने लगे हैं। एक लोजपा नेता का कहना है कि बिहार के जमुई लोकसभा क्षेत्र से दूसरी बार सांसद बने चिराग पासवान में नेतृत्व की क्षमता है। पहले भी कई मौकों पर पार्टी उनकी सलाहों पर काम कर चुकी है।

उल्लेखनीय है कि 20 सितंबर को बिहार प्रदेश लोजपा कार्यकारिणी एवं सभी प्रकोष्ठों को भंग कर दिया गया था। लोजपा के एक नेता ने बताया, 28 नवंबर को पार्टी स्थापना दिवस है। इस मौके पर पार्टी राज्य में एक रैली आयोजित करने की योजना बना रही है। इसी रैली में चिराग को पार्टी की कमान दिए जाने की घोषणा की जा सकती है।

गौरतलब है कि पार्टी के अध्यक्ष रामविलास पासवान ने मंगलवार को बिहार प्रदेश अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस को दलित सेना का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दिया था। पूर्व में यह जिम्मेदारी दिवंगत सांसद रामचंद्र पासवान संभाल रहे थे। पार्टी प्रमुख रामविलास पासवान ने पारस के दलित सेना के अध्यक्ष बनाए जाने के बाद खाली हुए बिहार प्रदेश अध्यक्ष का काम चिराग को सौंप दिया था।

लोजपा सांसद पशुपति कुमार पारस ने बुधवार को कहा कि चिराग ऊर्जावान हैं और उनमें क्षमता की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि वे भविष्य में पार्टी की कमान संभाल सकते हैं। पार्टी में अब तक चिराग का प्रदर्शन भी शानदार रहा है। उल्लेखनीय है कि रामविलास पासवान ने मंगलवार को संकेत देते हुए कहा था कि अब नई पीढ़ी पार्टी की कमान संभालने आगे आएगी।

इसके साथ ही लोजपा के प्रवक्ता अशरफ अंसारी ने बुधवार को आईएएनएस से कहा, पार्टी प्रमुख रामविलास पासवान के पास पार्टी के अलावा केंद्रीय मंत्री का भी दायित्व है। आजकल उनका स्वास्थ्य भी ठीक नहीं चल रहा है। चिराग पासवान में पार्टी को आगे ले जाने की क्षमता है और पार्टी के अधिकांश नेता उन्हें पार्टी अध्यक्ष बनाए जाने के समर्थक हैं।

 

Created On :   25 Sep 2019 2:30 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story