मौसम अपडेट: बारिश के दौर ने ली करवट, देश के अधिकांश राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी, जानें कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश में मानसून के अलविदा कहने के बाद भी एक बार फिर से मानसून का दौर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, 4 नवंबर को करीब 12 राज्यों में तेज हवा और बारिश की संभावना है। साथ ही लोगों को इस दौरान सावधान रहने के लिए कहा गया है। उत्तर पूर्वी राज्यों में ज्यादा परेशानी देखने को मिल सकती है। इस बारिश की वजह से अन्य राज्यों के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है। देश के कई राज्यों का तापमान सुबह से ही गिरता हुआ नजर आ रहा है।
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली के मौसम की बात करें तो, यहां पर आने वाले दो-तीन दिनों तक बादल छाए रह सकते हैं। देर रात और सुबह के समय भी हल्का कोहरा छाया रहेगा। दिल्ली में प्रदूषण भी लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। कई जगहों का एक्यूआई बहुत ही खराब श्रेणी में दर्ज किया जा सकता है।
यह भी पढ़े -बुलंदशहर में 'थूक जिहाद' का मामला  शादी समारोह में रोटियों पर थूक लगाकर परोसीं, आरोपी गिरफ्तार
किन राज्यों में होगी बारिश?
मौसम विभाग के मुताबिक, देश के कई राज्यों में मौसम बिगड़ने की चेतावनी जारी की गई है। इसमें गुजरात, महाराष्ट्र, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे कई राज्य शामिल हैं।
यूपी में रहने वाला है मौसम साफ
उत्तर प्रदेश में आने वाले कुछ दिनों तक बारिश होने की संभावना नहीं है। यहां पर मौसम साफ रहने की संभावना है। प्रदेश के अगले एक हफ्ते भी बारिश की कोई संभावना नहीं है। 4 नवंबर को प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में मौसम शुष्क रह सकता है।
बिहार में हल्की ठंड हुई शुरू
बिहार में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। बिहार में बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं हुई है लेकिन यहां पर सुबह और रात में हल्की ठंड महसूस होने लगी है। दिन में धूप निकल रही है लेकिन फिर भी रात तक तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है। आने वाले दिनों में भी ठंड अपना असर दिखा सकती है।
Created On :   4 Nov 2025 11:56 AM IST













