रेप की घटनाओं पर बोले बीजेपी विधायक- भगवान राम भी ऐसी घटनाएं नहीं टाल सकते

BJP MLA Surendra Singh controvercial comment on rape incidents
रेप की घटनाओं पर बोले बीजेपी विधायक- भगवान राम भी ऐसी घटनाएं नहीं टाल सकते
रेप की घटनाओं पर बोले बीजेपी विधायक- भगवान राम भी ऐसी घटनाएं नहीं टाल सकते

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। अपने बयानों के चलते अकसर सुर्खियों में रहने वाले बलिया के बैरिया से बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह ने एक और कंट्रोवर्सियल बयान दिया है। इस बार उन्होंने एक के बाद एक सामने आ रही रेप की घटनाओं पर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि भगवान राम भी आ जाएं तो भी इस तरह की घटनाओं को नहीं टाला जा सकता। सुरेन्द्र सिंह ने कहा, "मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि भगवान राम भी आ जाएंगे तो भी इन घटनाओं पर नियंत्रण कर पाना संभव नहीं है। ये समाज के स्वभाविक प्रदूषण हैं, जिससे कोई भी वंचित रहने वाला नहीं है।"

 


सुरेन्द्र सिंह ने यह भी कहा कि अच्छे संस्कार के बल पर ही इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकता है। उन्होंने कहा, "सभी का धर्म है कि समाज के सभी लोगों को अपना परिवार समझ के सभी को अपनी बहन समझ के धर्म का पालन करना चाहिए। संस्कार के बल पर ही इस पर नियंत्रण होगा। संविधान के बल पर नियंत्रण नहीं होगा।"

 


सुरेन्द्र सिंह ने यह बातें उन्नाव रेप केस के बारे में पूछे जाने पर कही। गौरतलब है कि यूपी के उन्नाव के गंगाघाट थाना इलाके में शुक्रवार को चौंकाने वाला मामला सामने आया था। यहां तीन युवकों ने एक महिला को जबरदस्ती घर से उठाकर उसके साथ रेप करने की कोशिश की थी। आरोपियों ने घटना का वीडियो भी बनाया था जो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था। वीडियो में तीनों युवक महिला पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहे थे और महिला उनके सामने दया की भीख मांग रही थी।

सुरेन्द्र सिंह ने इसी मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए एक नया विवाद खड़ा किया है। बीजेपी नेता ने यह भी कहा है कि खतरनाक अपराधी तो एनकाउंटर में मारे जाते हैं लेकिन बलात्कारी सिर्फ जेल जाते हैं। यह हम सबका कर्तव्य है कि हम बच्चों को नैतिकता का पाठ पढ़ाएं।

गौरतलब है कि बीजेपी विधायक सुरेन्द्र सिंह पहले भी कई विवादित बयान दे चुके हैं। उन्होंने 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव को भगवान बनाम इस्लाम बताया था। इससे पहले बीजेपी विधायक ने अधिकारियों से बेहतर वेश्याओं को बताया था। उन्होंने कहा था कि वैश्याएं कम से कम पैसे लेकर काम तो करती हैं, अधिकारी तो यह भी नहीं करते।
 

Created On :   7 July 2018 5:55 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story