Election 2019: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी नहीं लड़ेंगी चुनाव, न ही करेंगी रैलियां

Election 2019: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी नहीं लड़ेंगी चुनाव, न ही करेंगी रैलियां

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगी। न ही किसी प्रकार की रैली करेंगी। पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रियंका के चुनाव लड़ने की बात को खारिज कर दिया गया है। ऐसे कयास लगाए जा रहे थे कि प्रियंका गांधी वाराणसी सीट से पीएम मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ सकती हैं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने जनवरी में प्रियंका गांधी को आधिकारिक तौर पर कांग्रेस महासचिव नियुक्त किया था। इसके साथ ही उन्हें लोकसभा चुनाव के लिहाज से सबसे महत्वपूर्ण राज्य उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया है। प्रियंका के अलावा कांग्रेस के दिग्गज नेता और सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी गई है। 

पार्टी सूत्रों का कहना है कि लोकसभा चुनाव में प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने की उम्मीद न के बराबर है। वे चुनाव के दौरान पार्टी के प्रचार में शामिल जरूर होंगी, लेकिन पार्टी के लिए खुद कोई रैली नहीं करेंगी। पार्टी के लिए प्रचार की जिम्मेदारी खुद राहुल गांधी ने ली है। कांग्रेस में प्रियंका की एंट्री के बाद राहुल ने कहा था कि उन्हें यूपी में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके बाद प्रियंका और राहुल ने लखनऊ में एक रोड शो भी किया था।

कांग्रेस में शामिल होने के बाद से प्रियंका ने सार्वजनिक मंच पर अब तक कोई भाषण नहीं दिया है। लखनऊ के रोड शो से लेकर पार्टी कार्यालय में भाषण का जिम्मा भी राहुल गांधी ने ही संभाला था। हालांकि पार्टी को लोकसभा चुनाव में जीत दिलाने के लिए प्रियंका दिल्ली से लेकर यूपी तक ताबड़तोड़ बैठकें जरूर कर रही हैं। प्रियंका गांधी ने यूपी में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ कई बार देर रात बैठकें की है। इसी कड़ी में पिछले महीने उन्होंने तीन दिन लखनऊ में गुजारे और वहां पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मैराथन बैठकों में हिस्सा भी लिया था।  पार्टी के रुख से साफ है कि प्रियंका पर्दे के पीछे रहकर ही कांग्रेस को मजबूत करने का काम करेंगी। 

Created On :   12 March 2019 3:22 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story