बिना इजाजत जनसभा आयोजित करने के आरोप में गंभीर के खिलाफ FIR दर्ज

FIR registered against Gambhir for holding public meeting without permission
बिना इजाजत जनसभा आयोजित करने के आरोप में गंभीर के खिलाफ FIR दर्ज
बिना इजाजत जनसभा आयोजित करने के आरोप में गंभीर के खिलाफ FIR दर्ज
हाईलाइट
  • गंभीर पर आरोप है कि उन्होंने बिना इजाजत रैली की है।
  • गौतम गंभीर के खिलाफ एक मामले में FIR दर्ज हो गई है।
  • हाल ही में उनपर दो वोटर आईडी कार्ड रखने का आरोप लगा था।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली से बीजेपी उम्मीदवार गौतम गंभीर के खिलाफ एक मामले में FIR दर्ज हो गई है। गंभीर पर आरोप है कि उन्होंने बिना इजाजत रैली की है। चुनाव आयोग को की गई शिकायत पर संज्ञान लेते हुए पुलिस को गंभीर के खिलाफ FIR दर्ज करने की इजाजत दे दी है। इससे पहले भी गंभीर पर कई आरोप लग चुके हैं। हाल ही में उनपर दो वोटर आईडी कार्ड रखने का आरोप लगा था।

गंभीर बीजेपी द्वारा उम्मीदवार बनाए जाने के बाद से दिल्ली में काफी जोर-शोर से चुनाव प्रचार कर रहे हैं। इसी कड़ी में 25 अप्रैल को गंभीर ने पूर्वी दिल्ली के जंगपूरा इलाके में जनसभा आयोजित की। हालांकि इस जनसभा के लिए गंभीर ने चुनाव आयोग से इजाजत नहीं ली थी। जिसके बाद विपक्षी पार्टी के सदस्य इसकी शिकायत लेकर चुनाव आयोग पहुंचे। 

पूर्वी दिल्ली के चुनाव अधिकारी के महेश ने कहा कि गंभीर ने चुनाव आदर्श संहिता का उल्लंघन किया है। इस मामले को पूरी तरह से सुनने के बाद ही हमने दिल्ली पुलिस को FIR दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद लाजपत नगर थाने में गंभीर के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। वहीं पुलिस ने बताया कि गंभीर के खिलाफ डीपी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। इस एक्ट के तहत सजा के तौर पर जुर्माना भरने का प्रावधान है। जुर्माना नहीं भरने की सूरत में कोर्ट सजा तय करती है।

इससे पहले आम आदमी पार्टी के टिकट पर पूर्वी दिल्ली से लोकसभा चुनाव लड़ रहीं आतिशी मार्लेना ने बीजेपी प्रत्याशी गौतम गंभीर पर दो वोटर आईडी होने का आरोप लगाया था। उन्होंने गंभीर के खिलाफ दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट में आपराधिक शिकायत भी की थी, जिस पर 1 मई को सुनवाई की जाएगी।

बता दें कि पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने 22 मार्च को भाजपा की सदस्यता ली थी। वित्त मंत्री अरुण जेटली और कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाई थी। इसके बाद बीजेपी ने गंभीर को महेश गिरी की जगह ईस्ट दिल्ली से टिकट दिया था। ईस्ट दिल्ली सीट पर गौतम गंभीर का मुकाबला कांग्रेस के अरविंदर सिंह लवली और आम आदमी पार्टी की आतिशी मार्लेना से होगा। गौतम गंभीर ने 22 साल की उम्र में टीम इंडिया में डेब्यू किया था। दिसंबर 2018 में गौतम गंभीर ने क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। 

Created On :   27 April 2019 12:08 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story