झारखंड के मंत्री सरयू राय को नहीं चाहिए टिकट

Jharkhand minister Saryu Rai does not want a ticket
झारखंड के मंत्री सरयू राय को नहीं चाहिए टिकट
झारखंड के मंत्री सरयू राय को नहीं चाहिए टिकट

रांची, 16 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और राज्य के मंत्री सरयू राय ने शनिवार को भाजपा के टिकट की दौड़ से खुद को अलग कर लिया। उन्होंने कहा कि वह केंद्रीय नेताओं को असमंजस में नहीं रखना चाहते, इसलिए खुद को टिकट की दौड़ से अलग कर लिया है। उन्होंने कहा कि अब उन्हें टिकट में रुचि नहीं है।

झारखंड विधानसभा सीटों के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को प्रत्याशियों की चौथी सूची जारी की है, जिसमें सरयू राय का नाम नहीं है। भाजपा अब तक 71 प्रत्याशियों की सूची जारी कर चुकी है।

ईमानदार छवि के नेता के रूप में पहचान बना चुके सरयू राय ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उनका चुनाव लड़ना या नहीं लड़ना कोई मायने नहीं रखता। उन्होंने शायराना अंदाज में कहा, हजारों गम हैं इस दुनिया में, राजनीति के सिवा। राजनीति के अलावा भी सामाजिक काम करता हूं। राजनीति में भ्रष्टाचार करने वालों पर नजर रखता हूं।

मंत्री ने कहा कि वह नहीं चाहते कि कोई और मुख्यमंत्री जेल जाए। उनका इशारा शायद लालू प्रसाद और मधु कोड़ा की ओर था।

उन्होंने खुद को भाजपा का बताते हुए कहा कि वह राजनीति से अलग नहीं हैं। रविवार को वह कार्यकर्ताओं से विचार कर आगे की रणनीति तय करेंगे। उन्होंने कहा, कार्यकर्ता जैसे कहेंगे वैसा करूंगा।

राय ने कहा, मैं पार्टी नेतृत्व को असमंजस में नहीं रखना चाहता। देश में कई और काम हैं, केवल एक सीट के लिए इतना विचार करना उचित नहीं है। यही कारण है कि मैंने खुद को टिकट से अलग कर लिया है। पार्टी जिसे अच्छा समझे, उसे जमशेदपुर (पश्चिम) से टिकट दे।

सरयू राय जमशेदपुर (पश्चिम) से विधायक हैं।

 

Created On :   16 Nov 2019 3:31 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story