BJP at 40: पीएम बोले- आज देश का एक लक्ष्य 'कोरोना के खिलाफ लड़ाई में जीत', किए ये 5 आग्रह

BJP at 40: पीएम बोले- आज देश का एक लक्ष्य 'कोरोना के खिलाफ लड़ाई में जीत', किए ये 5 आग्रह

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बीजेपी के 40वें स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को पार्टी कार्यकर्ताओ को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने देश को दल से बड़ा बताया। इसके साथ ही उन्होंने कोरोना वायरस के मुद्दे पर कहा कि, हमें मिलकर कोरोना के खिलाफ लड़ाई लड़नी है और इस महामारी को हराना है। आज देश का लक्ष्य एक है, मिशन एक है और संकल्प एक है- कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई में जीत। पीएम मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से पांच आग्रह भी किए हैं।

कोरोना वायरस संकट को लेकर पीएम मोदी ने कहा, कोरोना वैश्विक महामारी से निपटने के लिए भारत के अबतक के प्रयासों ने दुनिया के सामने एक अलग ही उदाहरण प्रस्तुत किया है। भारत दुनिया के उन देशों में है जिसने कोरोना वायरस की गंभीरता को समझा और और समय रहते इसके खिलाफ एक व्यापक जंग की शुरुआत की। भारत जैसा इतना बड़ा देश 130 करोड़ लोगों का ये देश लॉकडाउन के समय भारत की जनता ने जिस तरह की परिपक्वता दिखाई है, गांभीर्य दिखाया है, वो अभूतपूर्व है। कोई कल्पना नहीं कर सकता था कि इतने विशाल देश में, लोग इस तरह अनुशासन और सेवा भाव का पालन करेंगे।

पीएम मोदी ने कहा, आज देश का लक्ष्य एक है, मिशन एक है और संकल्प एक है- कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई में जीत। उन्होंने कहा, भाजपा कार्यकर्ताओं को एक ही मंत्र सिखाया गया है कि दल से बड़ा देश। सेवा हमारे संस्कार में है। कोरोना के इस मुश्किल घड़ी में हमारा दायित्व और भी ज़्यादा बढ़ जाता है। ये लंबी लड़ाई है, न थकना है, न हारना है। लंबी लड़ाई के बाद भी जीतना है। विजयी होकर निकलना है।

भारत ने निभाई अहम भूमिका
पीएम ने कहा, भारत ने एक के बाद एक अनेक निर्णय किए, उन फैसलों को जमीन पर उतारने का भरसक प्रयास किया। सभी सरकारों को साथ लेकर आगे बढ़ने में कोई कमी न रहे इसकी चिंता की। हर स्तर पर प्रोएक्टिव होकर भारत ने कई फैसले लिए। राज्य सरकारों के सहयोग से इन फैसलों को गति भी मिली। भारत ने जिस तेजी और समग्रता से काम किया है। उसकी प्रसंशा सिर्फ भारत ने ही नहीं, विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी की है। तमाम देश एकजुट होकर कोरोना का मुकाबला करें, इसके लिए सार्क देशों की विशेष बैठक हो या G-20 देशों का विशेष सम्मेलन, भारत ने इन सारे आयोजनों में अहम भूमिका निभाई है।

मोदी कैबिनेट की बैठक आज, कोरोना से जंग के लिए एक्शन प्लान पर होगी चर्चा

पीएम मोदी ने कहा, पार्टी के 40वें स्थापना दिवस पर मैं कुछ सुझाव पर कार्य करने का आग्रह करना चाहता हूं। पीएम ने कार्यकर्ताओं से पांच आग्रह किए हैं। 

1. गरीबों को राशन दें: प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि गरीबों को राशन देने का अभियान लगातार चलना चाहिए। आने वाले दिनों में इसे एक बड़े अभियान के रूप में बदलना है। जब से संकट से शुरू हुआ हैए तब से पार्टी के कार्यकर्ता दिन-रात इसमें जुटे हैं। एक-एक भाजपा कार्यकर्ता सुनिश्चित कर ले कि आसपास कोई गरीब भूखा न रहे।

2. फेस कवर गिफ्ट करें: प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता घर में अपने और पांच अन्य लोगों के लिए फेस कवर भी बना सकते हैं। यह फेस कवर जरूरतमंदों को गिफ्ट कर सकते हैं।

3. धन्यवाद अभियान चलाएं: प्रधानमंत्री मोदी ने कोरोना के खिलाफ लड़ाई में लगे पांच वर्गों के लिए धन्यवाद अभियान चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता बूथ के 40 घरों पर जाकर पांच वर्गों के लिए तैयार अलग-अलग धन्यवाद प्रस्तावों पर हस्ताक्षर कराएं। इसके बाद बूथ पर नर्सए डॉक्टरए सफाईकर्मी, पुलिसकर्मी, बैंक, पोस्ट ऑफिस कर्मी और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को धन्यवाद प्रस्ताव भेंट करें।

4. आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड कराएं: प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कोरोना संक्रमण की चुनौती से निपटने के लिए एक आरोग्य सेतु ऐप तैयार हुआ है। स्थापना दिवस पर पार्टी कार्यकर्ता कम से कम 40 लोगों के मोबाइल में ऐप डाउनलोड करवाने के साथ उसमें जरूरी जानकारियां भरें। संकट की स्थिति में हर किसी को यह ऐप इंस्टाल करना है।

5. दान करें: प्रधानमंत्री मोदी ने पांचवें आग्रह के तौर पर कार्यकर्ताओं से पीएम केयर में दान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस समय भी लाखों लोग पीएम कैश फंड में दान कर रहे हैं। प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता को खुद भी सहयोग करना है और कम से कम 40 लोगों को सहयोग करने के लिए प्रेरित करना है। दुखियारों के बीच जाकर पार्टी कार्यकर्ताओं को आंसू पोंछना है।

Created On :   6 April 2020 6:24 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story