पुणे में भारी बारिश का कहर, 12 लोगों की मौत, आज स्कूल-कॉलेज बंद

पुणे में भारी बारिश का कहर, 12 लोगों की मौत, आज स्कूल-कॉलेज बंद
हाईलाइट
  • बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए एनडीआरएफ की टीम तैनात
  • स्कूलों और कॉलेजों को गुरुवार को बंद रखने की घोषणा

डिजिटल डेस्क, पुणे। इस मानसून महाराष्ट्र में बारिश का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मुंबई के बाद अब पुणे में भारी बारिश ने जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। अब तक करीब 12 लोगों की मौत हो चुकी है। शहरी इलाके में आठ और खेड़ शिवापुर में तीन शव बरामद किए गए हैं। मूसलाधार बारिश के कारण सड़कों से लेकर घरों तक में पानी भर गया है। 

बारामती में भी बाढ़ की स्थिति सैंकड़ों परिवारों को सुरक्षित निकाला

बारामती तहसील में भी बाढ़ की स्थिति बन गई। नाझरे बांध पूरी तरह से भरने के कारण बड़े पैमाने पर पानी छोड़ा गया। जिस से कर्हा नदी का जलस्तर बढ़ गया। जिला प्रशासन द्वारा 224 परिवारों को और 602 जानवरों को सुरक्षित जगह ले जाया गया। पुरंदर में भी मुसलाधार बारिश हुई, जिस कारण नाझरे बांध पूरी तरह से भर गया। निर्माण के बाद पहली बार बांध पूरी तरह से भर गया। प्रशासन द्वारा बांध से 85 हजार क्यूसेक गति से पानी छोड़ा गया। नदी किनारे और आस-पास रहनेवाले लोगों को सुरक्षित जगह ले जाया गया। जिलाधिकारी नवल किशोर राम और पुलिस अधीक्षक संदिप पाटील ने बारामती जाकर स्थिति का जायजा लिया। दूसरी ओर जेजुरी-सासवड़ मार्ग पर पुल टूटने के कारण जेजुरी की ओर जानेवाला यातायात रोक दिया गया था। 
 

कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। हालातों को देखते हुए पुणे जिला कलेक्टर नवल किशोर राम ने सभी स्कूलों और कॉलेजों में आज गुरुवार को छुट्टी का ऐलान किया है। 

 

कात्रज में चट्टान गिरने से यातायात बंद

कात्रज इलाके में देर रात चट्टान गिरने से पुणे-बंगलुरू महामार्ग का यातायात पूरी तरह से बंद हो गया। कई वाहन चालक सुरंग के पास फंसे हुए थे। सुरंग में भी काफी पानी घुस चुका था। चालकों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।  

सहकार नगर इलाके में दीवार गिरने से सात लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 150 मकानों को नुकसान हुआ है। वहीं पानी के तेज बहाव ने कुछ लोगों की जान ले ली। 

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बारिश के कारण हुई लोगों की मौत पर दुख जताया है। सीएम ने कहा, पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। हम सभी आवश्यक सहायता प्रदान कर रहे हैं। पुणे और बारामती में एनडीआरएफ की दो-दो टीमें तैनात की गई हैं। सरकार लगातार निगरानी कर रही है।

बारिश के कारण कई जगहों पर पेड़ और पोल गिर पड़े जिससे गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। पुणे में बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत- बचाव कार्यों के लिए एनडीआरएफ की टीमों को तैनात किया गया है। जिला कलेक्टर ने शहर के पुरनार, बारामती, भोर और हवेली तहसील के सभी स्कूलों और कॉलेजों को गुरुवार को बंद रखने की घोषणा की है।

जगह-जगह जलभराव से लोगों को बाहर निकलने और आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है। जलस्तर बढ़ने की वजह से मछुआरों को भी समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। गौरतलब है कि पुणे में मानसून काफी सक्रिय है जिस कारण लगातार भारी बारिश हो रही है। यातायात भी प्रभावित है।

पुणे में बुधवार रात हुई तूफानी बारिश के चलते घर की दीवार गिरने से सात लोगों की मौत हो गई जबकि अन्य जगहों पर भी कई लोग काल के गाल में समा गए। कलेक्टर ने बताया, करीब 14 हजार लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है।

 

 

 

 

Created On :   26 Sep 2019 3:17 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story