Monsoon Session 2025: भारतीय सेना ने क्यों रोका ऑपरेशन सिंदूर? राजनाथ सिंह ने लोकसभा में चर्चा की शुरुआत में बताई वजह

भारतीय सेना ने क्यों रोका ऑपरेशन सिंदूर? राजनाथ सिंह ने लोकसभा में चर्चा की शुरुआत में बताई वजह
  • राजनाथ सिंह ने की मानसून सत्र में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा शुरू
  • चर्चा के समय कई अहम मुद्दों पर दी प्रतिक्रिया
  • ऑपरेशन सिंदूर को लेकर खास सवालों का दिया जवाब

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा में मानसून सत्र में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा की शुरुआत राजनाथ सिंह के संबोधन से होनी थी। मानसून सत्र को दो बार स्थगित किया गया था इसके बाद अब कार्यवाही शुरू हो गई है। राजनाथ सिंह ने संसद को संबोधित करते हुए कई अहम मुद्दों पर चर्चा की है। राजनाथ सिंह ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना की तरफ से ऑपरेशन सिंदूर पर लोकसभा में प्रतिक्रिया दी है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि, ऑपरेशन सिंदूर सेना की तीनों सेवाओं का बेमिसाल उदाहरण है, पाकिस्तान के हर हमले का करारा जवाब दिया गया है। साथ ही उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर रोकने पर भी अहम जवाब दिया है। उन्होंने कहा है कि, ऑपरेशन सिंदूर किसी भी दबाव में नहीं रोका गया है बल्कि लक्ष्य हासिल होने के बाद ही रोका गया है। साथ ही रक्षा मंत्री ने लोकसभा में कई अहम मुद्दों पर अपनी आवाज उठाई है।

राजनाथ सिंह ने क्या कहा?

राजनाथ सिंह ने सदन में बोलने की शुरुआत में वीर सपूतों को किया नमन और कहा, 'मैं देश के उन वीर सपूतों, बहादुर सैनिकों को नमन करता हूं जो राष्ट्र की सीमाओं की रक्षा के लिए बलिदान देने से कभी पीछे नहीं हटे। मैं उन सैनिकों की स्मृति को भी नमन करता हूं जिन्होंने भारत की एकता, अखंडता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। मैं पूरे देश की तरफ से सभी जवानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करता हूं।' इसके बाद उन्होंने कहा कि, '6 और 7 मई 2025 को भारतीय सेनाओं ने ऑपरेशन सिंदूर के नाम से एक ऐतिहासिक सैन्य कार्रवाई को अंजाम दिया। यह केवल सैन्य कार्रवाई नहीं थी बल्कि यह भारत की संप्रभुता, उसकी अस्मिता, देश के नागरिकों के प्रति हमारी जिम्मेदारी और आतंकवाद के खिलाफ हमारी नीति का एक प्रभावी और निर्णायक प्रदर्शन था।'

आंतकवादी संगठनों के निशानों को तबाह करने की दी जानकारी

राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि, 'ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम देने से पहले, हमारी सेनाओं ने हर पहलू का गहराई से अध्ययन किया। हमारे पास कई विकल्प थे लेकिन हमने वह विकल्प चुना जिससे आतंकवादियों को अधिकतम नुकसान हो और जिसमें पाकिस्तान के आम नागरिकों को कोई नुकसान न हो। हमारी सेनाओं द्वारा किए गए समन्वित हमलों ने 9 आतंकवादी बुनियादी ढांचे के ठिकानों को सटीकता से निशाना बनाया। एक अनुमान के अनुसार, इस सैन्य कार्रवाई में 100 से अधिक आतंकवादी, उनके प्रशिक्षक, उनके आका मारे गए, जिनमें से अधिकांश जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा और हिजबुल मुजाहिदीन जैसे आतंकवादी संगठनों से जुड़े थे।'

क्यों रोका गया था ऑपरेशन सिंदूर?

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर को रोकने पर कहा है कि, 'भारत ने कार्रवाई इसलिए रोकी क्योंकि संघर्ष के पहले और उसके दौरान जो भी राजनीतिक और सैन्य लक्ष्य तय किए गए थे उसे हम पूरी तरह से हासिल कर चुके थे। इसलिए यह कहना कि ऑपरेशन किसी दबाव में रोका गया था यह बेबुनियाद और सरासर गलत है।' उन्होंने आगे बताया कि, 'हमारी कार्रवाई पूरी तरह से आत्मरक्षा में थी, न तो उकसावे वाली थी और न ही विस्तारवादी। फिर भी, 10 मई, 2025 को लगभग 1:30 बजे तक, पाकिस्तान ने बड़े पैमाने पर भारत के ऊपर मिसाइलों, ड्रोन्स, रॉकेट्स और अन्य लंबी दूरी के हथियारों का उपयोग करके बड़े पैमाने पर हमला किया। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक वॉर फेयर से जुड़ी तकनीक का भी सहारा लिया। उनके निशाने पर हमारे भारतीय सेना के अड्डे, थल सेना के एग्रेशन डीपो, हवाई अड्डे और मिलिट्री कैंप थे। यह कहते हुए मुझे गौरव की अनुभूति हो रही है कि हमारे यहां डिफेंस सिस्टम, काउंटर ड्रोन सिस्टम और इलेक्ट्रॉनिक इक्विपमेंट ने पाकिस्तान के इस हमले को पूरी तरह से नाकाम कर दिया। पाकिस्तान हमारे किसी भी टारगेट को हिट नहीं कर पाया। हमारी सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद थी और हर हमले को हमारे द्वारा रोका गया। मैं इसके लिए भारतीय सेना के बहादुर सैनिकों की जमकर सराहना करता हूं, जिन्होंने दुश्मन के मंसूबों पर पानी फेर दिया।'

ऑपरेशन सिंदूर का उद्देश्य युद्ध छेड़ना नीं था- राजनाथ सिंह

लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर के उद्देश्य को बताते हुए राजनाथ सिंह ने कहा है कि, 'इस ऑपरेशन का उद्देश्य कोई युद्ध छेड़ना नहीं था। 10 मई की सुबह, जब भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के कई हवाई क्षेत्रों पर करारा प्रहार किया, तो पाकिस्तान ने हार मान ली और शत्रुता रोकने की कोशिश की। हमारे DGMO से बात की कि इसे रोक दीजिए।'

ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है- राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री ने आगे बताया है कि, 'ऑपरेशन केवल रोका गया है समाप्त नहीं किया गया। अगर पाकिस्तान की ओर से भविष्य में कोई भी दुस्साहस हुआ तो यह ऑपरेशन दोबारा प्रारंभ होगा। 10 मई को पाकिस्तान के DGMO ने भारत के DGMO से संपर्क किया और भारत से सैन्य कार्रवाई को रोकने की अपील की। 12 मई को दोनों देशों के DGMO के बीच औपचारिक संवाद हुआ और दोनों पक्षों ने सैन्य कार्रवाई पर विराम लगाने का निर्णय लिया।'

प्रश्नों को लेकर विपक्ष पर साधा निशाना

राजनाथ सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा है कि, 'कभी-कभी हमारे प्रतिपक्ष के लोग यह पूछते रहे हैं कि हमारे कितने विमान गए? मुझे लगता है कि उनका यह प्रश्न हमारी राष्ट्रीय जनभावनाओं का सही से प्रतिनिधित्व नहीं कर रहा है। उन्होंने एक बार भी हमसे यह नहीं पूछा कि हमारी सेनाओं ने दुश्मन के कितने विमान मार गिराए? यदि उन्हें प्रश्न पूछना ही है तो उनका प्रश्न यह होना चाहिए कि क्या भारत ने आतंकवादी ठिकानों को तबाह किया तो उसका उत्तर है, हां। मैं विपक्ष के साथियों से कहना चाहता हूं कि आपको यदि प्रश्न पूछना है तो यह प्रश्न पूछिए कि क्या ऑपरेशन सिंदूर सफल रहा तो उसका उत्तर है, हां।'

उन्होंने आगे कहा है कि, 'जब हमने 1971 के युद्ध में पाकिस्तान को सबक सिखाया था, मैं उस समय की सरकार को बधाई देता हूं। हमने तब अपने राजनीतिक और सैन्य नेतृत्व की प्रशंसा की थी। हमने यह नहीं देखा कि वह किस पार्टी की सरकार थी या क्या विचारधारा थी। हमारे नेता अटल बिहारी वाजपेयी ने संसद में उस समय के नेतृत्व की प्रशंसा की थी। हमने यह नहीं पूछा कि उन्हें(पाकिस्तान) सबक सिखाते समय कितने भारतीय विमान दुर्घटनाग्रस्त हुए, कितने उपकरण बर्बाद हुए, हमने तब भी यह सवाल नहीं पूछा।'

किसी भी आतंकी हमले का निर्णायक और स्पष्ट उत्तर देगा भारत- राजनाथ सिंह

राजनाथ सिंह ने कहा है कि, 'भारत ने न केवल अपनी सैन्य क्षमता का प्रदर्शन किया, बल्कि अपनी राष्ट्रीय दृढ़ता, नैतिकता और राजनीतिक कुशलता का भी परिचय दिया है। भारत अब किसी भी आतंकी हमले का निर्णायक और स्पष्ट उत्तर देगा। अब आतंकवाद को आश्रय और समर्थन देने वालों को कोई शरण नहीं मिलेगी। भारत किसी भी तरीके से किसी भी तरह के परमाणु ब्लैकमेलिंग या अन्य दबाव के आगे झुकने वाला नहीं है।'

Created On :   28 July 2025 2:45 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story