ओडिशा: मंत्री ने ब्राह्मणों को बताया 'भिखारी', CM ने कर दिया 'बर्खास्त'

Odisha CM Naveen Patnaik dismisses Damodar Rout from ministry over casteist remarks
ओडिशा: मंत्री ने ब्राह्मणों को बताया 'भिखारी', CM ने कर दिया 'बर्खास्त'
ओडिशा: मंत्री ने ब्राह्मणों को बताया 'भिखारी', CM ने कर दिया 'बर्खास्त'

डिजिटल डेस्क, भुवनेश्वर। ओड़िशा के कृषि मंत्री डॉ. दमोदर राउत ने बीते दिनों एक सभा में ब्राह्मणों को "भिखारी" बताया था, जिसके बाद अब उनको मंत्री पद से बर्खास्त कर दिया गया है। ओड़िशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने शुक्रवार को इस बात की जानकारी दी। सीएम पटनायक ने बताया कि किसी भी जाति, नस्ल या धर्म के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इसलिए दामोदर राउत को उनके पद से बर्खास्त किया जाता है। बता दें कि दामोदर राउत की इस टिप्पणी के बाद राज्य में जगह-जगह विरोध प्रदर्शन हुए थे।


इस्तीफा नहीं दिया तो किया बर्खास्त

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक मंत्री ने बताया है ब्राह्मणों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर दामोदर राउत से पहले इस्तीफा मांगा गया था, लेकिन उन्होंने नहीं दिया। जिसके बाद उन्हें बर्खास्त कर दिया गया। शुक्रवार को ओड़िशा के सीएम नवीन पटनायक ने भुवनेश्वर में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि "किसी भी जाति, नस्ल या धर्म के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने वाले को मंजूर नहीं किया जा सकता। इसलिए मैंने दामोदर राउत को उनके पद से बर्खास्त कर दिया है।" उन्होंने आगे बताया कि "राउत की बर्खास्तगी को लेकर शुक्रवार को राज्यपाल को लेटर भी भेज दिया गया है।"

क्या कहा था राउत ने? 

खबरों की मानें तो ओड़िशा सरकार में कृषि मंत्री डॉ. दामोदर राउत ने 17 दिसंबर को एक सभा में ब्राह्मणों को "भिखारी" बताया था। उन्होंने कहा था कि "राज्य के किसी भी हिस्से में कोई आदिवासी भीख नहीं मांग रहा है, लेकिन बस स्टैंड जैसी जगहों पर ब्राह्मणों को भीख मांगते कोई भी देख सकता है।" बता दें कि 75 साल के दामोदर राउत पारदीप से विधायक हैं और साथ ही बीजू जनता दल के उपाध्यक्ष भी हैं।

विवादों से घिरे रहे हैं राउत

बताया जाता है कि राज्य में दामोदर राउत हमेशा विवादों में ही घिरे रहते हैं। ये कोई पहला मौका नहीं है, जब उन्होंने किसी तरह का विवादित बयान दिया है। बल्कि इससे पहले भी उन्होंने कई बार विवादित बयान दिए हैं। एक बार राउत बीजेपी की एक महिला नेता और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के खिलाफ टिप्पणी कर विवादों में आ गए थे। इस बार भी राउत ब्राह्मणों के खिलाफ टिप्पणी करके विवादों में घिर गए और उनके खिलाफ कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन भी हुए, जिसके बाद उनको बर्खास्त कर दिया गया। बता दें कि 17 सालों में ये तीसरी बार है, जब राउत को मंत्री पद से बर्खास्त किया गया है। 

Created On :   23 Dec 2017 4:07 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story