किसानों के लिए केन्द्र की योजनाओं में बाधा है सिद्धारमैया सरकार : पीएम मोदी

किसानों के लिए केन्द्र की योजनाओं में बाधा है सिद्धारमैया सरकार : पीएम मोदी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पीएम नरेन्द्र मोदी ने आज (बुधवार) कर्नाटक किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं को "नमो एप" के जरिए सम्बोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने केन्द्र सरकार द्वारा किसानों के हित में लाई गई योजनाओं का उल्लेख किया। साथ ही बताया कि किसानों को बड़े पैमाने पर लाभ और सुविधाएं पहुंचाने के लिए केन्द्र सरकार क्या-क्या प्रयास कर रही है। पीएम मोदी ने इस दौरान कर्नाटक राज्य की कांग्रेस सरकार पर भी जमकर निशाना साधा।

पीएम मोदी ने कहा कि किसानों के हित में लाई गई उनकी योजनाओं के लिए सिद्दारमैया सरकार बाधा बन रही है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में सरकार बदलने के साथ ही यहां के किसानों के भी दिन बदल जाएंगे। गौरतलब है कि कर्नाटक में 12 मई को विधानसभा चुनाव होने हैं। बीजेपी-कांग्रेस समेत तमाम क्षेत्रीय दल चुनाव प्रचार में जोर-शोर से भिड़े हुए हैं। पीएम मोदी द्वारा आज दिया गया यह सम्बोधन भी कर्नाटक विधानसभा चुनावों में किसानों के एक बड़े वोट बैंक पर भाजपा की पकड़ मजबूत करने के तौर पर देखा जा रहा है।

 

 

 


 

यह बोले पीएम मोदी

  • केन्द्र सरकार किसानों को फायदा पहुंचाने के लिए कई योजनाएं चला रही है, लेकिन कर्नाटक की कांग्रेस सरकार अपने राज्य में इन योजनाओं को आगे नहीं बढ़ा रही है।
  • केन्द्र द्वारा कर्नाटक में 1 करोड़ किसानों को सॉयल हेल्थ कार्ड मुहैया कराया गया है। 
  • कर्नाटक की सिद्दारमैया सरकार की उदासीनता के कारण यहां के किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ नहीं मिल पाया।
  • केन्द्र सरकार की नीतियों के चलते अब किसानों को खाद और बीज के लिए भटकना नहीं पड़ रहा है। ये चीजें अब आसानी से किसानों को मिल रही है।
  • किसानों को नई तकनीक के जरिए खेती करने के नए-नए तरीके सिखाए जा रहे हैं।
  • किसानों को फसल का वाजिब दाम मिल सके, इसलिए केन्द्र सरकार ने फसलों के समर्थन मूल्य को लागत मूल्य के डेढ़ गुना किया।
  • बजट में किसानों के लिए केन्द्र सरकार ने 14 लाख करोड़ का प्रावधान किया जो कि भारत के इतिहास में किसानों के लिए अब तक का सबसे अधिक बजट है।
  • बीजेपी हमेशा से किसानों के लिए काम करती रही है। किसानों का कल्याण हमारा लक्ष्य है।  
  • कर्नाटक में बीजेपी सरकार के आने और येदियुरप्पा के सीएम बनने से किसानों को फायदा होगा।
  • केन्द्र सरकार किसानों की आय को दोगुना करने के अपने प्रण पर आगे बढ़ रही है और यह प्रण हर हालत में पूरा किया जाएगा।
  • प्रधानमंत्री ने कहा कि सभी कार्यकर्ता केंद्र की योजनाओं के बारे में किसानों को बताएं ताकि उन्हें ज्यादा से ज्यादा फायदा हो सके।
  • पीएम मोदी ने केन्द्र सरकार द्वारा लाई गई फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड योजना, किसान सम्पदा योजना को किसानों के लिए महत्वपूर्ण योजनाएं करार दिया।
  • पीएम मोदी ने किसानों से आर्गेनिक खेती और सोलर खेती की तकनीकों को एडॉप्ट करने के लिए कहा।
  • पीएम मोदी ने दूध और हरित क्रांति के तर्ज पर शहद निर्माण कर स्वीट रिवोल्युशन के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया।

     

गौरतलब है कि कर्नाटक में 12 मई को मतदान होना है और 15 मई को मतगणना होनी है। मतदान के लिए कर्नाटक में 56 हजार पोलिंग स्‍टेशन बनाए जाएंगे। चुनाव में ईवीएम मशीनों के साथ VVPAT मशीनों का उपयोग किया जाएगा। राज्य में 225 विधानसभा सीटे हैं, इनमें एक सीट नॉमिनेटड होती है। यहां बाकी 224 सीटों के लिए चुनाव होने हैं। वर्तमान में सत्तारूढ़ कांग्रेस के पास 120 सीटें हैं, जबकि बीजेपी के पास 43 और जेडीएस के पास 29 सीटें हैं।  5 सालों बाद बीजेपी सत्ता में वापसी की कोशिश कर रही है। बीजेपी ने चुनावों में 150 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है।

Created On :   2 May 2018 7:34 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story