‘मन की बात’ में बोले पीएम मोदी- शांति भंग करने वालों को मुंहतोड़ जवाब देगी सेना

PM Narendra Modi address 48th edition of his radio programme Mann ki Baat
‘मन की बात’ में बोले पीएम मोदी- शांति भंग करने वालों को मुंहतोड़ जवाब देगी सेना
‘मन की बात’ में बोले पीएम मोदी- शांति भंग करने वालों को मुंहतोड़ जवाब देगी सेना
हाईलाइट
  • 'मन की बात' कार्यक्रम के 48वें संस्करण को 11 बजे से सुने लाइव।
  • 'मन की बात' कार्यक्रम को संबोधित कर रहे हैं पीएम मोदी।
  • दूरदर्शन और ऑल इंडिया रेडियो के जरिए होगा लाइव प्रसारण।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने रेडियो कार्यक्रम "मन की बात" के जरिए देश को संबोधित किया। रविवार को कार्यक्रम के 48वें संस्करण में पीएम मोदी ने देश के सैनिकों और नारी शक्ति के बारे में बात की। इसके साथ ही उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने महात्मा गांधी को भी याद किया। इसके साथ ही देशवासियों को नवरात्रि और विजयादशमी की शुभकामनाएं भी दीं । 


गांधी के विचारों ने पूरी दुनिया को प्रेरित किया

पीएम मोदी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को याद करते हुए कहा, महात्मा गांधी की 150वीं जयंती तक हर वर्ष 2 अक्टूबर को पूरे देश में कार्यक्रम होंगे। उन्होंने कहा महात्मा गांधी के विचारों ने पूरी दुनिया को प्रेरित किया। गांधी ने देश को एक मूल मंत्र दिया था जिसमें उन्होंने कहा था, जब भी तुम्हें संदेह हो या तुम्हारा अहम तुम पर हावी होने लगे तो जो सबसे गरीब इंसान तुमने देखा हो, उसके बारे में विचार करो और सोचो की क्या तुम्हारे उस कदम से उस इंसान को कुछ मिलेगा? तब तुम देखोगे कि तुम्हारा अहम कम हो रहा है। पीएम ने कहा, देश में कुछ भी खरीदें तो अपने देशवासियों के बारे में जरूर सोचें।


हर जगह वायुसेना ने अपना पराक्रम दिखाया

पीएम मोदी ने कहा, 8 अक्टूबर को हम वायुसेना दिवस के रूप में मनाते हैं। 1932 में 6 पायलट और 19 वायु सैनिकों के साथ एक छोटी सी शुरुआत से बढ़ते हुए हमारी वायुसेना आज 21वीं सदी की सबसे साहसिक और शक्तिशाली एयरफोर्स में शामिल हो चुकी है। यह अपने आप में एक यादगार यात्रा है। उन्होंने कहा 1965 हो, 1971 में बांग्लादेश की स्वतंत्रता की लड़ाई हो या फिर 1999 में करगिल की लड़ाई सब जगह वायु सेना ने अपना पराक्रम दिखाया है।


मन की बात में पीएम मोदी ने कहा-
 

  • कल (29 सितंबर ) भारत के सवा-सौ करोड़ देशवासियों ने 2016 में हुई सर्जिकल स्ट्राइक को याद करते हुए पराक्रमपर्व मनाया, जब हमारे सैनिकों ने हमारे राष्ट्र पर आतंकवाद की आड़ में प्रॉक्सी वॉर की धृष्टता करने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया था।
     
  • पराक्रमपर्व जैसा दिवस युवाओं को हमारी सशस्त्र सेना के गौरवपूर्ण विरासत की याद दिलाता है और देश की एकता और अखंडता सुनिश्चित करने के लिए हमें प्रेरित भी करता है।
     
  • अब यह तय हो चुका है कि हमारे सैनिक उन सबको मुंहतोड़ ज़वाब देंगे जो हमारे राष्ट्र में शांति और उन्नति के माहौल को नष्ट करने का प्रयास करेंगे।
     
  • भारत सदा ही शांति के प्रति वचनबद्ध और समर्पित रहा है। 20वीं सदी में दो विश्वयुद्धों में हमारे एक लाख से अधिक सैनिकों ने शांति के प्रति अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।
     
  • पीएम मोदी ने नेवी ऑफिसर अभिलाष टोमी का जिक्र किया। पीएम ने उन्हें युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा बताया।
     
  • मैंने अभिलाष से टेलीफोन पर बात की। इतने संकट से बाहर आने के बाद भी उनका जो ज़ज्बा था, हौसला था और फिर एक बार ऐसा ही कुछ पराक्रम करने का जो संकल्प उन्होंने बताया वो हमारे देश की युवा-पीढ़ी को ज़रूर प्रेरणा देगी- पीएम
     
  • देश में स्त्री और पुरुष की समानता सुनिश्चित करने में एयर फोर्स ने मिसाल कायम किया है और अपने प्रत्येक विभाग के द्वार देश की बेटियों के लिए खोल दिए हैं।
     
  • भारत गर्व से कह सकता है कि भारत की सेना में सशस्त्र बलों में पुरुष शक्ति ही नहीं, स्त्री-शक्ति का भी उतना ही योगदान बनता जा रहा है। नारी सशक्त तो है, अब सशस्त्र भी बन रही है।
     
  • अब से 2 साल के लिए हम महात्मा गांधी की 150वीं जयंती को देखते हुए विश्वभर में अनेक कार्यक्रम का आयोजन करेंगे।
     
  • इस बार भारत इतिहास में दुनिया का सबसे बड़ा स्वच्छता सम्मेलन आयोजित कर रहा है। ‘महात्मा गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्वच्छता सम्मेलन’।
     
  • पूज्य बापू लोक संग्राहक थे। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति को ये अनुभव कराया कि वह देश के लिए सबसे महत्वपूर्ण और नितांत आवश्यक है। स्वतंत्रता संग्राम में उनका सबसे बड़ा योगदान ये रहा कि उन्होंने इसे एक व्यापक जन-आंदोलन बना दिया।
     
  • स्वच्छ भारत अभियान के तहत आपके घर में शौचालय बना और उससे अब आपको सुविधा हो रही है हम सब के लिए इससे ज्यादा खुशी की बात और क्या हो सकती है।

 

Created On :   30 Sep 2018 2:30 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story