बारिश का कहर, पुणे में दीवार ढहने से 15 लोगों की मौत, 4 बच्चे भी शामिल

बारिश का कहर, पुणे में दीवार ढहने से 15 लोगों की मौत, 4 बच्चे भी शामिल
हाईलाइट
  • जमीन खिसकने के कारण हुआ हादसा
  • झुग्गियों के ऊपर गिर गई दीवार
  • दो लोग गंभीर रूप से घायल

डिजिटल डेस्क, पुणे। महाराष्ट्र के पुणे में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया, दीवार गिरने से कोंधवा इलाके में 15 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, मृतकों में 4 बच्चे भी शामिल हैं। मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका व्यक्त की जा रही है, राहत का काम अब भी जारी है, एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच चुकी है।

कोंधवा इलाके में 60 फीट लंबी और चौड़ी दीवार बगल की झुग्गियों पर गिर गई, जिसके बाद झुग्गियों में सोए लोग दबकर मर गए। हादसा भारी बारिश के कारण हुआ। मुंबई और पुणे से सटे इलाकों में शुक्रवार से ही तेज बारिश हो रही है, जिसके कारण कई जगहों पर जमीन खिसकने की भी जानकारी सामने आई है।

ऐसा ही एक हादसा मुंबई में भी हुआ है, यहां बारिश के दौरान करंट फैलने से 2 लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा कई इलाकों में पेड़ गिरने के कारण भी लोग घायल हो गए। मुंबई में देर रात 2 बजे एक ऑटो पर दीवार गिर गई, हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। 

मौसम विभाग ने पुणे में अगले 4 दिनों तक भारी बारिश की आशंका जताई है, इसके अलावा मुंबई और कोकण क्षेत्र में भी भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग मुताबिक अरब सागर के ऊपर मानसून का दबाव है,  जिससे अगले कुछ दिनों में भारी बारिश हो सकती है।

 

 

 

 

Created On :   29 Jun 2019 3:15 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story