CWC बैठक में चुना जाएगा कांग्रेस का नया अध्यक्ष, सोनिया-राहुल जाएंगे अमेरिका

Rahul to continue as party president till new chief is appointed, says Congress
CWC बैठक में चुना जाएगा कांग्रेस का नया अध्यक्ष, सोनिया-राहुल जाएंगे अमेरिका
CWC बैठक में चुना जाएगा कांग्रेस का नया अध्यक्ष, सोनिया-राहुल जाएंगे अमेरिका
हाईलाइट
  • CWC के इस्तीफे को स्वीकार कर लेने तक राहुल गांधी कांग्रेस प्रेसिडेंट बने रहेंगे
  • कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल CWC की बैठक बुलाएंगे
  • बैठक में राहुल के इस्तीफे को स्वीकार या अस्वीकार करने पर चर्चा की जाएगी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राहुल गांधी तब तक कांग्रेस अध्यक्ष बने रहेंगे जब तक उनके इस्तीफे को कांग्रेस कार्य समिति (CWC) स्वीकार नहीं कर लेती। राहुल के इस्तीफे के बाद अब कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक बुलाई जाएगी। बैठक को कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल बुलाएंगे। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर राहुल के इस्तीफे को स्वीकार या अस्वीकार करने पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा नए अध्यक्ष के चयन पर भी चर्चा होगी। हालांकि इस बैठक में गांधी परिवार शामिल नहीं होगा।

5 जुलाई को राहुल और उनकी मां सोनिया गांधी अमेरिका जा रहे हैं। प्रियंका पहले से ही विदेश में है। यानी गांधी परिवार की गैरमौजूदगी में कांग्रेस का नया अध्यक्ष चुना जाएगा। राहुल गांधी ने बुधवार को एक खुले पत्र के माध्यम से कांग्रेस प्रमुख के रूप में अपना इस्तीफा सार्वजनिक किया। उन्होंने कहा कि वह लोकसभा चुनावों में हार के लिए जिम्मेदार थे और पार्टी की भविष्य की ग्रोथ के लिए जवाबदेही महत्वपूर्ण थी। अपने खुले पत्र को साझा करने के एक घंटे के भीतर, गांधी ने अपने प्रोफाइल से "कांग्रेस अध्यक्ष" हटा दिया।

राहुल के इस्तीफे को लेकर जिस तरह का माहौल कांग्रेस पार्टी में बना हुआ है उसने भाजपा और उसके सहयोगियों को कांग्रेस पर कटाक्ष करने का मौका दे दिया है। शिवसेना के प्रवक्ता और सांसद संजय राउत ने राहुल के इस्तीफे पर कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में कांग्रेस "गांधी-मुक्त" हो गई है। गांधी के इस्तीफे से 130 साल पुरानी पार्टी के पुनर्गठन में मदद मिलेगी और इससे पार्टी मे नये युग की शुरुआत होगी।

केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने राहुल गांधी के इस्तीफे को "ग्रैंड ओल्ड पार्टी का नया नाटक" करार दिया। नकवी ने कहा, "ग्रैंड ओल्ड पार्टी का एक नया ड्रामा है और हमारा इससे कोई लेना-देना नहीं है।"

राहुल के फैसले पर निराशा व्यक्त करते हुए, पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कहा कि उन्हें पार्टी का नेतृत्व करना जारी रखना चाहिए। सिंह ने कहा, "यह पार्टी के लिए एक कठिन समय है लेकिन साथ मिलकर राहुल के विजन और मार्गदर्शन में हम मजबूत और बड़े रूप में सामने आएंगे।"

जेडीएस प्रमुख और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा ने कहा कि राहुल गांधी ने पूरे देश का दौरा किया और संगठन को मजबूत करने के लिए संघर्ष किया। उन्होंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। "मैंने अनुरोध किया लेकिन उन्होंने हार के लिए एक नैतिक रुख अपनाया है। वह रिटायर नहीं हो रहे हैं, वह पार्टी के लिए काम करना जारी रखेंगे।"

कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने राहुल के इस्तीफे को कांग्रेस के इतिहास का सबसे दुखद दिन कहा। उन्होंने कहा "अकेले गांधी को हार के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता है। अन्य नेताओं पर भी जवाबदेही तय होनी चाहिए। अगर कांग्रेस को केंद्र में वापस आना है, तो उन्हें पार्टी का नेतृत्व करना चाहिए।

 

Created On :   3 July 2019 4:42 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story