अखिलेश की नाराजगी पर बोले राज बब्बर- चीजों को जल्द सुलझा लेंगे

Raj Babbar statement over Akhilesh Yadavs Displeasure with cong
अखिलेश की नाराजगी पर बोले राज बब्बर- चीजों को जल्द सुलझा लेंगे
अखिलेश की नाराजगी पर बोले राज बब्बर- चीजों को जल्द सुलझा लेंगे
हाईलाइट
  • कांग्रेस नेता राज बब्बर ने कहा- नाराजगी कभी बेगानों से नहीं होती
  • बुधवार को अखिलेश ने दिया था फेडरल फ्रंट में जाने का संकेत
  • मध्य प्रदेश में कमलनाथ कैबिनेट में सपा विधायक को शामिल न किए जाने से नाराज हैं अखिलेश

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। मध्य प्रदेश मंत्रिमंडल में अपने विधायक को मंत्री न बनाए जाने से नाराज चल रहे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर कांग्रेस नेता राज बब्बर की प्रतिक्रिया आई है। राज बब्बर ने कहा है कि सपा और कांग्रेस का नेतृत्व आपस में बात करके इन चीजों को सुलझा लेगा। राज बब्बर ने कहा, "समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय नेता के वक्तव्य में उनकी नाराजगी नजर आ रही है। नाराजगी कभी बैगानों से नहीं  होती। कांग्रेस और सपा का नेतृत्व आपस में बात करके इन चीजों को सुलझा लेंगे। जनता चाह रही है कि हम सब लोग मिलकर चुनाव लड़ें।"

 

 

गौरतलब है कि बुधवार को अखिलेश यादव ने कांग्रेस को सपा विधायक को कमलनाथ कैबिनेट में जगह न मिलने पर तंज कसते हुए धन्यवाद दिया था। उन्होंने कहा था, "कांग्रेस पार्टी ने एमपी में हमारे विधायक को मंत्री नहीं बनाया। इसके लिए हम उन्हें धन्‍यवाद देते हैं। उन्‍होंने कम से कम समाजवादियों का रास्‍ता साफ कर दिया।"

इस दौरान अखिलेश ने तीसरे फ्रंट में भी शामिल होने के संकेत दिए। उन्होंने कहा, "पिछले कुछ महीने से सभी विपक्षी दलों को एकजुट किए जाने का सराहनीय प्रयास हो रहा है। मैं तेलंगाना सीएम केसीआर को इस दिशा में प्रयास करने के लिए बधाई देता हूं। वह अन्य दलों को फेडरल फ्रंट बनाने के लिए एकजुट करने का अच्छा काम कर रहे हैं। मैं उनसे मिलने हैदराबाद जाऊंगा।"

बता दें कि अखिलेश का यह बयान कमलनाथ मंत्रिमंडल में सपा प्रत्याशी को जगह न मिलने के बाद आया था। एमपी में कांग्रेस के पास बहुमत से दो सीटें कम थी। इसके बाद सपा और बसपा ने कांग्रेस को समर्थन देने का ऐलान किया था। 

Created On :   27 Dec 2018 1:06 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story