भैयाजी जोशी का मोदी सरकार पर तंज, 2025 में होगा राम मंदिर निर्माण

भैयाजी जोशी का मोदी सरकार पर तंज, 2025 में होगा राम मंदिर निर्माण
हाईलाइट
  • 2025 में बनेगा राम मंदिर
  • राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ ने राम मंदिर को लेकर मोदी सरकार पर साधा निशाना
  • सत्ता में आने के बाद मोदी सरकार नहीं करेगी मंदिर निर्माण की पहल- भैयाजी जोशी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ ने राम मंदिर निर्माण को लेकर केन्द्र की मोदी सरकार पर तंज कसा है। RSS का कहना है कि अगर मोदी सरकार 2019 में सत्ता में आती है तो भी मंदिर निर्माण की कोई पहल नहीं करेगी। ऐसी स्थिति में लगता है कि राम मंदिर का निर्माण अब साल 2025 तक होगा। प्रयागराज कुंभ के दौरान भैयाजी जोशी ने कुंभ मेले में हरिद्वार की संस्था दिव्य प्रेम सेवा मिशन द्वारा आयोजित सेमिनार में इशारों-इशारों में मोदी सरकार पर निशाना साधा और व्यंग्य करते हुए कहा कि राम मंदिर साल 2025 में बनेगा।

भैया जी जोशी ने कहा राम मंदिर निर्माण को लेकर अब भी बहुत सी चुनौतियां हैं, जिनसे निपटने की जरूरत है। अयोध्या में राम मंदिर सिर्फ एक मंदिर का निर्माण नहीं है, बल्कि यह करोड़ों हिन्दुओं की आस्था और सम्मान से भी जुड़ा हुआ है। भैया जी जोशी ने कहा कि विकास को गति तब मिलेगी, जब साल 2025 में अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि भारत उसी तरह तेजी से आगे बढ़ेगा जिस तरह 1952 में सोमनाथ मंदिर के निर्माण के बाद हुआ था और जवाहर लाल नेहरू पीएम थे।

भैया जी जोशी ने मोदी राज में भारत के फिर से विश्वगुरु बनने की राह पर चलने के दावों को भी नजरअंदाज किया और व्यंग्य करते हुए कहा कि भारत तकरीबन 150 साल बाद विश्वगुरु बन जाएगा। भैयाजी जोशी ने कहा, पीएम मोदी ने राम मंदिर पर कानूनी कार्रवाई खत्म होने के बाद ही अध्यादेश पर विचार की बात कही थी। लेकिन बाद में ANI को दिए एक इंटरव्यू के दौरान अध्यादेश पर विचार करने की बात का नकार दिया। बता दें कि आरएसएस की ओर से लगातार राम मंदिर पर अध्यादेश लाने की बात कही जा रही है। संघ प्रमुख मोहन भागवत भी अध्यादेश लाने की बात कह चुके हैं।

 

Created On :   18 Jan 2019 3:21 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story