SSR death case: रिया चक्रवर्ती से CBI ने चौथे दिन 9 घंटे पूछताछ की, सुरक्षा की मांग के लिए DRDO गेस्ट हाउस से सांताक्रूज थाने पहुंची

Sushant Singh Rajput Case Cbi Interrogate Rhea Chakraborty
SSR death case: रिया चक्रवर्ती से CBI ने चौथे दिन 9 घंटे पूछताछ की, सुरक्षा की मांग के लिए DRDO गेस्ट हाउस से सांताक्रूज थाने पहुंची
SSR death case: रिया चक्रवर्ती से CBI ने चौथे दिन 9 घंटे पूछताछ की, सुरक्षा की मांग के लिए DRDO गेस्ट हाउस से सांताक्रूज थाने पहुंची

डिजिटल डेस्क, मुंबई। एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में उनकी गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती अहम कड़ी हैं और मुख्य आरोप भी। ऐसे में CBI उनसे चार दिन से लगातार पूछताछ कर रही है। सोमवार को CBI ने अपनी जांच के 11वें दिन रिया से डीआरडीओ गेस्ट हाउस में 9 घंटे पूछताछ की। सूत्रों के मुताबिक रिया कई सवालों के जवाब देने में असहज हैं और CBI लगातार उनसे उन्हीं सवालों को पूछ रही है। रिया से सोमवार को सुशांत के परिवार से रिश्ते, सुशांत के बिजनेस, संपत्ति, ड्रग्स कनेक्शन को लेकर सवाल किए गए।

अधिकारी ने बताया कि 28 वर्षीय रिया सुबह करीब 11 बजे अपने भाई शौविक चक्रवर्ती के साथ सांताक्रूज के कलीना स्थित DRDO के अतिथि गृह पहुंची। उनकी कार के साथ ही उनकी सुरक्षा में लगा मुंबई पुलिस का वाहन भी पहुंचा। इसी अतिथि गृह में CBI की टीम रुकी है। अधिकारी ने बताया कि राजपूत के खानसामा नीरज सिंह भी सुबह यहां पहुंचे थे। शौविक से भी गुरुवार से पूछताछ हो रही है।

रिया से हो चुकी है 35 घंटों की पूछताछ
रिया से CBI की पूछताछ का सोमवार को चौथा दिन था। पहले दिन 10 घंटे, दूसरे दिन 7 घंटे, तीसरे दिन 9 घंटे और चौथे दिन 9 घंटे पूछताछ हुई। अभी तक रिया से लगभग 35 घंटों तक पूछताछ की जा चुकी है और अभी कुछ और दिन ये पूछताछ और चलने वाली है। बताया जा रहा है कि सोमवार को CBI ने सुशांत की एक्स मैनेजर श्रुति मोदी से रिया का सामना करवाया। खबर ये भी है कि आगे आने वाले दिनों में नीरज, सिद्धार्थ पिठानी और सुशांत की बहनों से भी रिया का सामना करवाया जा सकता है।

ड्रग्स को लेकर सवाल पर नाराज हुईं रिया 
CBI सूत्रों के मुताबिक कि रविवार को पूछताछ के दौरान रिया चक्रवर्ती से जब ड्रग्स को लेकर सवाल किया गया तो वे नाराज हो गईं। उन्होंने सही से जवाब नहीं दिया। इसी वजह से आज फिर से ड्रग्स चैट को लेकर सवाल पूछा जा सकता है। रिया चक्रवर्ती ने कुछ सवालों पर CBI अधिकारी नूपुर प्रसाद से बहस की। पूछताछ के दौरान महिला पुलिस कर्मियों को भी बुलाया गया। पैसे खर्च करने के सवाल पर रिया ने कहा कि सुशांत खुद उन्हें शॉपिंग कराते थे। जब उनसे पूछा गया कि सैमुअल मिरांडा से सुशांत के डेबिट कार्ड का पिन क्यों लिया, तो रिया ने कोई जवाब नहीं दिया।

मीडिया के खिलाफ एक और शिकायत दर्ज 
पूछताछ के बाद रिया चक्रवर्ती DRDO गेस्ट हाउस से निकलकर मुंबई के संताक्रूज पुलिस स्टेशन पहुंच गई हैं। ये दूसरी बार है जब रिया पुलिस स्टेशन गईं। वहां जाकर रिया ने मीडिया के खिलाफ एक और FIR दर्ज करवाई। इससे पहले भी रिया ने एक लिखित शिकायत मीडिया के लोगों के खिलाफ दर्ज करवाई थी। रिया का कहना है कि उन्हें और उनके परिवार को मीडिया काफी परेशान कर रही है। इसके लिए उन्होंने पुलिस प्रोटेक्शन मांगा था। लेकिन प्रोटेक्शन के बावजूद रिया की परेशानी हल नहीं हुई है। मुख्य आरोपी और इस केस में अहम कड़ी होने की वजह से रिया का सुरक्षित रहना जरूरी है। हालांकि जैसे ही वे घर से बाहर निकलती हैं मीडिया उन्हें चारों तरफ से घेर लेता है।

गौरव आर्या से भी हुई पूछताछ
रिया चक्रवर्ती के अलावा सुशांत की एक्स मैनेजर श्रुति मोदी, कुक नीरज और केशव, स्टाफ दीपेश से आज दोबारा CBI ने बातचीत की। वहीं दूसरी तरफ गोवा में होटल चलाने वाले गौरव आर्या सोमवार को ईडी के सामने पेश हुए। रिया के साथ उनकी ड्रग चैट को लेकर पूछताछ हुई। ये पूछताछ मंगलवार को भी जारी रहेगी। 

सामने आई सुशांत की बहन प्रियंका संग चैट 
सोमवार को सुशांत केस में बड़ा अपडेट सामने आया। सुशांत और उनकी बहन प्रियंका की चैट का खुलासा हुआ। इंडिया टुडे को सूत्रों के हवाले से जानकारी मिली थी कि 8 जून को जब रिया चक्रवर्ती सुशांत के घर पर मौजूद थीं तब एक्टर अपनी बहन प्रियंका से बात कर रहे थे। सुबह 10 बजे के करीब सुशांत बहन प्रियंका से बात कर रहे थे। इस दौरान प्रियंका ने सुशांत को 1 हफ्ते तक Librium capsule लेने को कहा था। फिर नाश्ते के बाद Nexito 10mg हर दिन एक खाने को कहा था। ये सारी बातचीत मैसेनजर एप पर हुई थी।

चैट के मुताबिक, प्रियंका ने सुशांत को बिना डॉक्टर दिखाए इन दवाईयों को लेने के लिए कहा था। रिया के वकील सतीश ने इंडिया टुडे से कहा कि प्रियंका का सुशांत को इन दवाईयों को लेने के लिए कहना रिया को सही नहीं लगा था। इसी के बाद सुशांत और रिया की लड़ाई हुई थी, जिसके बाद रिया सुशांत का घर छोड़ गई थीं।

14 जून 2020 को सुशांत सिंह का निधन
बता दें कि सुशांत का 14 जून 2020 को निधन हो गया था। CBI और ईडी इस केस में जांच-पड़ताल कर रही है। CBI ने सुशांत के घर जाकर क्राइम सीन री-क्रिएट भी किया। वहीं ईडी ने रिया चक्रवर्ती और उनके भाई-पापा से पूछताछ की है। सुशांत के पिता ने रिया पर कई संगीन आरोप लगाए हैं। CBI ने रिया, सुशांत के कुक नीरज और दीपेश सावंत से कई बार पूछताछ की है। सुशांत के दोस्त और फ्लैटमेट सिद्धार्थ पिठानी से भी पूछताछ की है। 

 

Created On :   31 Aug 2020 3:05 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story