लॉकडाउन में क्या कर रहे हैं भाजपा के सेलिब्रिटी सांसद ?

What are BJPs celebrity MPs doing in lockdown?
लॉकडाउन में क्या कर रहे हैं भाजपा के सेलिब्रिटी सांसद ?
लॉकडाउन में क्या कर रहे हैं भाजपा के सेलिब्रिटी सांसद ?

नई दिल्ली, 19 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर 2019 के लोकसभा चुनाव में जीतकर फिल्म और कला की दुनिया से जुड़े कई सितारे संसद पहुंचे। इस वक्त लॉकडाउन के दौरान अधिकांश सितारे अपने संसदीय क्षेत्र से दूर हैं। हालांकि, संसदीय क्षेत्र से दूर होने के बावजूद कई सितारे जनता से ऑनलाइन जुड़े हैं और राहत कार्यों का संचालन कर रहे हैं। पार्टी के चार प्रमुख सेलिब्रेटी सांसदों की बात करें तो दिल्ली के उत्तर-पश्चिम सांसद हंसराज हंस अपने क्षेत्र में हैं। बाकी सारे सांसद मुंबई में हैं।

गोरखपुर सांसद रवि किशन ने आईएएनएस से कहा कि देश में लॉकडाउन लगने के समय वह मुंबई में थे। इस बीच एक कोरोना संक्रमित व्यक्ति के पाए जाने के बाद उनकी बिल्डिंग सील हो गई। जिससे कारण वह बाहर नहीं निकल सकते हैं।

रवि किशन ने कहा कि अगर वह पास की व्यवस्था कर गोरखपुर जाते भी हैं, तो वहां 14 दिनों के लिए क्वारंटाइन होना पड़ेगा। भीड़ आदि से बचने की बात कहते हुए उन्होंने कहा कि गोरखपुर में उनकी मौजूद होने पर लोग उन्हें देखने के लिए उमड़ पड़ते हैं। ऐसे में वह प्रशासन की सलाह के अनुरूप मुंबई में ही हैं।

रवि किशन ने बताया कि वह वहां दिन में कम से कम तीन बार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से गोरखपुर के कार्यकर्ताओं और जनता से संवाद कर उनकी परेशानियां जानते हैं। गोरखपुर में दो लाख 80 हजार किलो राशन वितरित करा चुके रवि किशन ने कहा कि मुंबई में रहने वाले पूर्वांचल के लोगों के लिए भी वह राशन की व्यवस्था कर रहे हैं। रवि किशन के मुताबिक प्रतिदिन दो से ढाई हजार लोग उन्हंय फोन करते हैं।

सूफी सिंगर और नार्थ वेस्ट दिल्ली से सांसद हंसराज हंस लॉकडाउन के दौरान दिल्ली में ही हैं। वह राशन, लंच वितरण कार्यों का अपनी टीम से संचालन करा रहे हैं। उन्होंने सोमवार को दिल्ली के भट्टी माइंज स्थित सेवा राधा स्वामी सत्संग, के सामुदायिक किचेन का भी निरीक्षण किया था। हंसराज हंस के करीबियों के मुताबिक लॉकडाउन के दौरान वह फोन से लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जनता से जुड़े हुए हैं।

सांसद हेमा मालिनी संसदीय क्षेत्र मथुरा में नहीं हैं। वह भी लॉकडाउन के दौरान मुंबई में ही हैं। हेमा मालिनी ने बीते 11 मई को महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मिलकर उत्तर प्रदेश और अपने संसदीय क्षेत्र के प्रवासियों की घर वापसी के मुद्दे पर मुलाकात की थी। हेमा मालिनी के करीबियों के मुताबिक लॉकडाउन लगने के समय वह मुंबई में हीं थीं, इसलिए वहीं से राहत कार्यों का वह संचालन कर रहीं हैं। फोन और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से समस्याएं जानकर मथुरा के प्रशासन को उन्हें दूर करने के लिए वह कहतीं हैं।

पंजाब के गुरुदासपुर सांसद सनी देओल भी अपने संसदीय क्षेत्र में नहीं हैं। कांग्रेस के कार्यकर्ता संकट की घड़ी में सनी देओल के क्षेत्र से गायब होने को लेकर उन पर निशाना साध रहे हैं। हालांकि, सनी देओल के करीबियों का कहना है कि वह राशन, भोजन से लेकर एंबुलेंस आदि से मरीजों की मदद का कार्य लॉकडाउन के दौरान करते रहे हैं।

Created On :   19 May 2020 3:30 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story