Punjab Crime: नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परमिंदर सिंह झोट्टा की दिनदहाड़े हत्या, फेसबुक लाइव के दौरान चलीं गोलियां

डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। पंजाब के मानसा में मंगलवार को एक ऐसी घटना हुई जिसने सबको हैरान कर दिया है। यहां नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परमिंदर सिंह झोट्टा की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। उन्हें घायल हालत में अस्पताल ले जाया गया था लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उनके साथ मौजूद एक दूसरा व्यक्ति भी गोली लगने से घायल हो गया। उसका इलाज चल रहा है। यह घटना एक मेडिकल स्टोर पर हुई। दुकान के मालिक अश्विनी कुमार पर गोली चलाने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि परमिंदर सिंह नशे के खिलाफ लंबे समय से काम कर रहे थे।
यह भी पढ़े -BJP का हमला, राम कदम बोले- देश से माफी मांगें विपक्षी नेता, भाजपा MLC परिणय फुके ने राहुल गांधी को कहा जोकर
नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक कर रहे थे परमिंदर सिंह
बता दें कि, परमिंदर सिंह झोट्टा पिछले कुछ सालों से पंजाब में नशे के खिलाफ अभियान चला रहे थे। वह उन दुकानों के खिलाफ भी आवाज उठाते थे, जहां नशीली गोलियां बेचने का आरोप था। मंगलवार सुबह वह अपने एक साथी के साथ मेडिकल स्टोर पर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि उनका साथी वहां दवा लेने गया था। इसी दौरान गोलीबारी हो गई। परमिंदर सिंह उस समय फेसबुक पर लाइव भी थे। गोली लगने के बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
कांग्रेस नेता राजा वडिंग ने सरकार पर उठाए सवाल
परमिंदर सिंह की मौत पर कांग्रेस नेता अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि यह घटना पंजाब में कानून-व्यवस्था की खराब हालत को दिखाती है। उन्होंने राज्य सरकार की नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम पर भी सवाल उठाए हैं।
राजा वडिंग का कहना है कि परमिंदर सिंह ने नशे की समस्या के खिलाफ आवाज उठाई लेकिन सरकार से उन्हें जरूरी मदद नहीं मिली। उन्होंने परिवार के प्रति दुख जताया और कहा कि इस मुश्किल समय में उनकी संवेदनाएं परिवार के साथ हैं। उन्होंने यह भी बताया कि साल 2023 में जब परमिंदर सिंह को गिरफ्तार किया गया था, तब उनकी मुलाकात उनके पिता और परिवार से हुई थी।
यह भी पढ़े -गृह मंत्रालय के आदेश पर अखिलेश-डिंपल यादव ने जताई नाराजागी, इन मुद्दों को लेकर सुनाई खरी-खरी
अकाली दल के नेता ने भी घटना पर जताई चिंता
अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने भी इस घटना को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि परमिंदर सिंह नशे के खिलाफ आवाज उठा रहे थे। उनके मुताबिक, वह कैमरे पर नशे के कारोबार से जुड़े लोगों को दिखा रहे थे, तभी उन पर गोली चलाई गई।
Created On :   13 Oct 2026 1:52 PM IST












