PM Modi Bihar Visit: बिहार में पीएम मोदी ने जल, रेल और बिजली क्षेत्र के कई विकास परियोजनाओं का किया शिलान्यास, कहा- 'ये परियोजनाएं समृद्ध बिहार बनाएंगी'

- बिहार के सिवान में पीएम मोदी ने किया शिलान्यास
- सिवान में लोगों को किया संबोधित
- बिहार के उज्जवल भविष्य पर पीएम मोदी ने डाला जोर
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार दौरे पर हैं। पीएम मोदी ने बिहार के सिवान पहुंचकर सभी नेताओं से मुलाकात की है। साथ ही पीएम मोदी ने जल, रेल और बिजली क्षेत्र के साथ-साथ कई अन्य विकास परियोजनाें का शिलान्यास किया है। साथ ही अन्य विकास कार्यों का उद्घाटन किया है। इसके बाद पीएम मोदी ने लोगों को संबोधित करते हुए सभी विकास परियोजनाओं के बारे में जानकारी दी है। पीएम मोदी ने कहा कि, 'सीवान की ये धरती हमारे स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरक स्थली है।' इसके अलावा भी पीएम मोदी ने कई जरूरी मुद्दों पर चर्चा की है।
पीएम मोदी ने संबोधित करते हुए क्या कहा?
पीएम मोदी ने संबोधित करते हुए सीवान के लोगों से कहा कि, 'सीवान की ये धरती हमारे स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरक स्थली है। ये हमारे लोकतंत्र को, देश को, संविधान को ताकत देने वाली भूमि है। सीवान ने राजेंद्र बाबू जैसी महान संतान देश को दी। संविधान निर्माण से लेकर देश को दिशा दिखाने में राजेंद्र बाबू की बहुत बड़ी भूमिका रही। सीवान ने ब्रज किशोर प्रसाद जैसे महान समाज सुधारक भी देश को दिए।' उन्होंने आगे कहा कि, 'आज इस मंच से हजारों, करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। विकास की ये सारी परियोजनाएं बिहार को उज्ज्वल भविष्य की तरफ ले जाएगी, समृद्ध बिहार बनाएंगी।'
भारत की तेज प्रगति से सभी प्रभावित हैं- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने अपनी विदेश यात्रा का जिक्र करते हुए लोगों से कहा कि, 'आप सब जानते हैं कि मैं कल ही विदेश से लौटा हूं। इस दौरे में मेरी दुनिया के बड़े-बड़े समृद्ध देशों के नेताओं से बात हुई। सारे नेता, भारत की तेज प्रगति से बहुत प्रभावित हैं। वो भारत को दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनते देख रहे हैं। इसमें बिहार की निश्चित तौर पर बहुत बड़ी भूमिका होने वाली है। बिहार समृद्ध होगा और देश की समृद्धि में भी बड़ी भूमिका निभाएगा।'
जंगलराज का किया बिहार के लोगों ने मिलकर किया सफाया- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने आगे कहा कि, 'मेरे इस विश्वास का कारण बिहार के आप सभी लोगों का सामर्थ्य है। आपने मिलकर बिहार से जंगलराज का सफाया किया है। यहां के हमारे नौजवानों ने तो 20 साल पहले के बिहार की बदहाली सिर्फ किस्सों और कथाओं में ही सुनी है। उन्हें अंदाजा ही नहीं है कि जंगलराज वालों ने बिहार की क्या हालत बना दी थी। जिस बिहार ने सदियों तक भारत की प्रगति को नेतृत्व दिया। उसको पंजे और लालटेन के शिकंजे ने पलायन का प्रतीक बना दिया था।'
मेरे बिहारी भाई-बहन हर मुश्किल वक्त में काम करके दिखाते हैं- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, 'मेरे बिहारी भाई-बहन कठिन से कठिन परिस्थिति में काम करके दिखा देते हैं। वो कभी अपने स्वाभिमान से समझौता नहीं करते। लेकिन, पंजे और लालटेन वालों ने मिलकर बिहार के स्वाभिमान को बहुत ठेस पहुंचाई है।'
बिहार वासियों को दिलाया विकास का विश्वास
पीएम मोदी ने आगे कहा कि, 'अनेक चुनौतियों को पार करते हुए नीतीश जी के नेतृत्व में NDA सरकार बिहार को विकास की पटरी पर वापस लाई है। और मैं बिहार वासियों को विश्वास दिलाने आया हूं कि हमने भले बहुत कुछ किया हो, करते रहे हैं, करते रहेंगे। लेकिन इतने से शांत होकर रहने वाला मोदी नहीं है। मुझे तो अभी बिहार के लिए और भी बहुत कुछ करना है।'
Created On :   20 Jun 2025 2:33 PM IST