अंतरराष्ट्रीय योग दिवस: पूरे विश्व में आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है, पीएम मोदी ने विशाखापत्तनम से योग दिवस 2025 का किया नेतृत्व

पूरे विश्व में आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है, पीएम मोदी ने विशाखापत्तनम से योग दिवस 2025 का किया नेतृत्व
  • पीएम मोदी ने योग सत्र में लिया हिस्सा
  • श्रीनगर के लाल चौक पर योग सत्र का हुआ आयोजन
  • योग हमें शांति का मार्ग दिखाता है- पीएम मोदी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आज पूरे विश्व में आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। योग दिवस पर 191 देशों के 1,300 शहरों में योग को लेकर विभिन्न आयोजन किए जाएंगे। इनके जरिए देश की प्राचीन परंपरा और सौम्य शक्ति का प्रदर्शन किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विशाखापत्तनम से पूरे देश में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 का नेतृत्व किया। इस योग सत्र में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण भी शामिल हुए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि दुर्भाग्यवश आज पूरी दुनिया कई क्षेत्रों में तनाव, अशांति और अस्थिरता से गुजर रही है। ऐसे वक्त में योग हमें शांति का मार्ग दिखाता है। योग वह विराम बटन है, जिसकी मानवता को सांस लेने, संतुलन बनाने और फिर से पूर्ण बनने के लिए जरूरत है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जब वे देखते हैं कि दिव्यांग मित्र ब्रेल लिपि में योग शास्त्र पढ़ रहे हैं, वैज्ञानिक अंतरिक्ष में योग कर रहे हैं, और युवा गांवों में योग ओलंपियाड में भाग ले रहे हैं तो उन्हें गर्व होता है।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "देश और दुनिया के सभी लोगों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बहुत बहुत शुभकामनाएं। आज 11वीं बार पूरा विश्व एक साथ 21 जून को योग कर रहा है। योग का सीधा अर्थ होता है जुड़ना। ये देखना सुखद है कि कैसे योग ने पूरे विश्व को जोड़ा है। प्रधानमंत्री ने कहा विशाखापट्टनम शहर प्रकृति और प्रगति दोनों की संगम स्थली है। योगांद्रा अभियान से 2 करोड़ से ज्यादा लोग जुड़े हैं। लोगों की भागीदारी की यही भावना विकसित भारत का मुख्य आधार है।

पीएम ने कहा कि नौसेना के जहाजों पर भी बेहतरीन योग कार्यक्रम चल रहे हैं। ऑपेरा हाउस की सीढ़ियों से लेकर एवरेस्ट की चोटी और समुद्र की विशालता तक एक ही संदेश है, योग सबके लिए है, चाहे कोई भी हो, किसी भी पृष्ठभूमि या क्षमता का हो।

Created On :   21 Jun 2025 8:05 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story