हाउस हेल्पर रेप केस में प्रज्वल रेवन्ना दोषी करार: फोन में हजारों अश्लील वीडियोज और महिलाओं को धमकी, कोर्ट का फैसला सुनते ही रो पड़ा पूर्व सांसद

फोन में हजारों अश्लील वीडियोज और महिलाओं को धमकी, कोर्ट का फैसला सुनते ही रो पड़ा पूर्व सांसद
  • कोर्ट ने रेप केस में प्रज्वल रेवन्ना को ठहराया दोषी
  • कोर्ट से बाहर निकलते ही फूट-फूटकर रोया पूर्व सांसद
  • 50 से ज्यादा महिलाओं के साथ शारीरिक संबंध बनाने का आरोप

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। जेडीएस के पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना को हाउस हेल्पर के साथ रेप केस में बेंगलुरु की स्पेशल कोर्ट ने शुक्रवार (1 अगस्त) को दोषी करार दिया है। प्रज्वल को कितनी सजा मिलेगी, इसका एलान शनिवार को यानि कल होगा। कोर्ट के फैसला सुनाते ही रेवन्ना काफी इमोशनल नजर आया और कोर्ट से बाहर आते वक्त फूट-फूटकर रोने लगा। पूर्व सांसद को धमकी देने, अश्लील फोटोज को लीक करने के साथ-साथ कई सेक्शन्स के तहत दोषी ठहराया गया है। आपको बता दें कि, हसन जिले के होलेनरसीपुरा स्थित एक फार्महाउस में काम करने वाली महिला ने प्रज्वल के खिलाफ अप्रैल 2024 में एफआईआर दर्ज करवाई थी। 47 वर्षीय महिला ने पिछले साल आरोप लगाया था कि रेवन्ना ने उसके साथ कई बार जोर-जबरदस्ती कर शारीरिक संबंध बनाए।

रेवन्ना ने दी थी महिला को धमकी

महिला ने आरोप लगाया था कि प्रज्वल ने उसका बलात्कार कर वीडियो भी बनाई थी। साथ ही, कहा था कि अगर वह इस बारे में किसी को बताती है तो उनके अश्लील वीडियो लीक कर दिए जाएंगे। जानकारी के मुताबिक, रेवन्ना पर 28 अप्रैल से लेकर 10 जून 2024 तक बलात्कार के कुल चार अलग-अलग मामले दर्ज किए जा चुके हैं।

फोन से मिलीं हजारों अश्लील वीडियोज

प्रज्वल पर एक नहीं बल्कि 50 से भी ज्यादा महिलाओं के साथ छेड़छाड़, रेप, धमकी देने और लालच दे कर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप है। कई न्यूज रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूर्व सांसद के फोन से 3,000 से 5,000 अश्लील वीडियोज मिली थीं। वीडियोज में प्रज्वल को कई महिलाओं का बलात्कार करते नजर आ रहा था।

50 से ज्यादा महिलाओं के साथ संबंध बनाने का आरोप

इस मामले की जांच के लिए राज्य सरकार ने एसआईटी का गठन किया था। SIT की जांच में सामने आया था कि प्रज्वल ने 50 से अधिक महिलाओं को हरास किया। इनमें से लगभग 12 महिलाओं का रेप किया। कई महिलाओं को लालच दिया और फिर संबंध बनाए। इनमें 22 से लेकर 61 साल तक की महिलाएं शामिल हैं।

कई दिनों तक फरार था प्रज्वल

प्रज्वल रेवन्ना का नाम सेक्स स्कैंडल में साल 2024 में सामने आया था। इसी साल लोकसभा चुनाव भी हुए थे। इलेक्शन में प्रज्वल ने कर्नाटक की हासन सीट से जेडीएस के टिकट पर चुनाव लड़ा। लेकिन उसे हार का मुंह देखना पड़ा। चुनाव के प्रचार-प्रसार के दौरान रेवन्ना का नाम सेक्स स्कैंडल में उछलने लगा। विपक्ष ने इसको लेकर पार्टी पर जोरदार निशाना साधना शुरू कर दिया। यह वही वक्त था जब से प्रज्वल के नाम की चर्चा हर तरफ होने लगी थी। चुनाव के ठीक अगले दिन यानि 27 अप्रैल 2024 को वह जर्मनी भाग गया। 35 दिनों बाद प्रज्वल जैसे ही भारत वापस आया, पुलिस ने उसे बेंगलुरु एयरपोर्ट पर दबोच लिया।

Created On :   1 Aug 2025 4:44 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story