Daund News: यवत में शिवाजी महाराज की प्रतिमा की विडंबना के बाद तनाव, मस्जिद पर पथराव

  • पुणे के दौंड में बवाल
  • स्थानीय लोगों में फैला आक्रोश
  • इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
डिजिटल डेस्क, पुणे। दौंड तहसील स्थित यवत स्टेशन परिसर में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा विडंबना की घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है। यह घटना 26 जुलाई की सुबह करीब साढ़े चार से साढ़े पांच बजे के बीच नीलकंठेश्वर मंदिर परिसर में घटी। अज्ञात व्यक्ति द्वारा प्रतिमा को नुकसान पहुंचाए जाने के मामले में यवत पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों का कहना है कि यह कृत्य जानबूझकर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और दो समुदायों के बीच तनाव पैदा करने के उद्देश्य से किया गया है। घटना के विरोध में यवत गांव और आसपास के ग्रामीणों ने गांव पूरी तरह बंद रखकर सार्वजनिक रूप से इसका विरोध किया।

लोगों की प्रशासन से मांग

कल इस प्रकरण को लेकर भाजपा विधायक गोपीचंद पडालकर ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और मोर्चा निकाला। इसके ठीक बाद आज मस्जिद पर पथराव की नई घटना सामने आई है, जिससे स्थिति और अधिक संवेदनशील हो गई है। स्थानीय नागरिकों और संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अपमान करने वाले आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और कठोर कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं समाज में नफरत फैलाने की कोशिश हैं और इन्हें किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था तैनात की है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Created On :   1 Aug 2025 5:18 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story