इस्तीफा: पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने निजी कारणों के चलते दिया इस्तीफा, मान सरकार से चल रही थी तनातनी

पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने निजी कारणों के चलते दिया इस्तीफा, मान सरकार से चल रही थी तनातनी
  • पंजाब के राज्यपाल ने दिया इस्तीफा
  • निजी कारणों के चलते छोड़ा पद
  • भगवंत मान सरकार से चल रही थी तनातनी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने आज अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। निजी कारणों का हवाला देते हुए उन्होंने यह संवैधानिक पद छोड़ा है। पंजाब के राज्यपाल के साथ वह केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी भी थे। जानकारी के मुताबिक, बनवारी लाल पुरोहित ने आज ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को इस्तीफा पत्र सौंपा है। उन्होंने व्यक्तिगत कारणों और कुछ अन्य प्रतिबद्धताओं को कारण बताते हुए पद से इस्तीफा दिया है। उन्होंने वर्ष 2021 में पंजाब के 29वें राज्यपाल के तौर पर शपथ ली थी।

निजी कारणों का दिया हवाला

बनवारी लाल पुरोहित ने पंजाब के गवर्नर पद के साथ चंडीगढ़ के प्रशासक पद से इस्तीफा दे दिया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को दिए इस्तीफा पत्र में उन्होंने लिखा, "अपनी व्यक्तिगत और कुछ अन्य प्रतिबद्धताओं के कारण, मैं पंजाब के राज्यपाल और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक पद से इस्तीफा देता हूं। कृप्या इसे स्वीकार कर उपकृत करें।" जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रपति ने बनवारी लाल पुरोहित का इस्तीफा मंजूर कर लिया है।

दो दिन पहले ही पंजाब के मुख्यमंत्री ने राज्यपाल पर मेयर चुनाव को लेकर हमला बोलते हुए कहा था कि राज्यपाल हमें तंग करते हैं। उन्होंने सवाल किया था कि प्रदेश में चुनी हुई सरकार है तो वहां पर इलेक्टेड राज करेंगे या सिलेकटेड। उन्होंने राज्यपाल पर तंज कसते हुए कहा था कि लोकतंत्र में इलेक्टेड राज चलता है लेकिन, कई लोगों को सिलेक्टेज राज की आदत डाल ली है।

पंजाब सरकार से तनातनी

पिछले कुछ दिनों से पंजाब की भगवंत मान सरकार और राज्यपाल के बीच कई विषयों पर मतभेद चल रहा था। यही नहीं राज्यपाल के साथ चल रहे मतभेद को लेकर पंजाब सरकार सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गई थी। विधानसभा में बिल पास होने के बावजूद राज्यपाल से मंजूरी नहीं मिलने के चलते पंजाब सरकार ने राज्यपाल के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रूख किया था। मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचने के बाद बनवारी लाल पुरोहित ने तीन विधेयकों को मंजूरी भी दी थी। इसके अलावा राज्यपाल भी मुख्यमंत्री के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की बात कई बार कह चुके हैं।

Created On :   3 Feb 2024 9:33 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story