छत्तीसगढ़ में दर्दनाक हादसा: रायपुर में स्टील प्लांट की गिरी छत, 6 मजदूरों की मौत, CM विष्णुदेव साय ने जताया दुख

रायपुर में स्टील प्लांट की गिरी छत, 6 मजदूरों की मौत, CM विष्णुदेव साय ने जताया दुख

    डिजिटल डेस्क, रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। रायपुर जिले में एक स्टीलप्लांट में छत गिरने से 6 लोगों की मौत हो गई। जबकि, अन्य 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस बात की पुष्टि ने पुलिस ने शुक्रवार को मीडिया से की। हादसे के बारे में बताते हुए रायपुर जिले के पुलिस अधीक्षक लाल उम्मेद सिंह ने कहा कि शहर के बाहरी इलाके सिलतरा क्षेत्र में स्थित गोदावरी इस्पात प्लांट में हुए हादसे में छह लोगों की मौत हो गई और छह लोगों को अस्पताल में भेजा गया है। दर्जनों लोगों के झुलसने की आशंका है। हादसे के वक्त करीब 200 लोग मौजूद थे।


    रायपुर में स्टीलप्लांट की छत गिरने से दर्दनाक हादसा

    वहीं, एसपी उम्मेद सिंह ने भी रायपुर के स्टीलप्लांट में हुए हादसे पर जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि आज जब प्लांट के कर्मचारी और श्रमिक प्लांट में काम कर रहे थे, तब छत जैसा भारी ढांचा वहां काम कर रहे लोगों पर गिर पड़ा जिसमें दबकर 6 लोगों की मौत हो गई और 6 अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस दल को मौके पर भेजा गया।

    इस हादसे में घायल लोगों और मृतकों को अस्पताल भेजा गया है। इस दौरान रायपुर जिले के सीनियर अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि घटनास्थल में कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका है। घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है।


    सीएम विष्णुदेव साय ने जताया शोक

    रायपुर के स्टीलप्लांट में हुए दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "मुझे भी जानकारी मिली है। इस बात का दुख है कि मजदूरों की मृत्यु हुई है। इसकी और जानकारी ले रहे हैं।"

    इसके अलावा कांग्रेस नेता और छत्तीसगढ़ के नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने भी हादसे पर चर्चा की। उन्होंने कहा, "रायपुर गोदावरी इस्पात हादसे में अब तक 06 लोगो की दुर्घटना में मृत्यु की खबर बेहद दुःखद है। मेरी संवेदनाएं मृतकों के परिवारों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें यह असहनीय पीड़ा सहने की शक्ति प्रदान करें। साथ ही दुर्घटना में घायल हुए सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। शासन प्रशासन उक्त घटना की हर पहलू की जांच करें एवं मृतक परिवारों को आर्थिक मदद जल्द से जल्द पहुंचाये।"

    Created On :   26 Sept 2025 9:42 PM IST

    Tags

    और पढ़ेंकम पढ़ें
    Next Story