RCB विक्ट्री परेड भगदड़ मामला: मृतकों के परिवारों को 10 लाख रुपये का मुआवजा देगी सिद्धारमैया सरकार, घायलों का कराएगी मुफ्त इलाज, पीएम मोदी ने घटना पर जताया दुख

- बेंगलुरु भगदड़ मामले में बढ़ा मृतकों का आंकड़ा
- सीएम सिद्धारमैया ने किया मुआवजे का ऐलान
- भगदड़ चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई
डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। आरसीबी (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) की विक्ट्री परेड में भगदड़ मच गई। इस हादसे में 11 लोगों की जान चली गई जबकि 33 लोग घायल हुए। कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया ने इस हादसे पर दुख जताया, साथ ही मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि यह त्रासदी नहीं होनी चाहिए थी। सरकार इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करती है।
उन्होंने कहा, "विजय समारोह के दौरान एक बड़ी त्रासदी हुई। यह चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास हुआ। सरकार ने मृतकों के लिए 10 लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की है। सरकार घायलों को मुफ्त इलाज मुहैया कराएगी।"
बेंगलुरु: भगदड़ की घटना पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा, "यह त्रासदी नहीं होनी चाहिए थी। सरकार इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करती है।" pic.twitter.com/OjtS5HE4td
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 4, 2025
हादसे ने जीत की खुशी को मिटा दिया
सीएम सिद्धारमैया ने आगे कहा, "विधानसभा में जब RCB टीम पहुंची तो विधानसभा के बाहर एक लाख लोग जमा थे। जश्न विधानसभा में हो रहा था, लेकिन भगदड़ चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई। स्टेडियम के बाहर 3 लाख लोग जमा थे। हमें इतनी भीड़ की उम्मीद नहीं थी। किसी ने इसकी उम्मीद नहीं की थी। हम इसके लिए तैयार नहीं थे। हादसे ने जीत की खुशी को मिटा दिया।"
पीएम मोदी ने जताया दुख
चिन्नास्वामी स्टेडिमय के बाहर मची भगदड़ पर पीएम मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने कहा, "बेंगलुरु में हुई दुर्घटना बहुत ही दुखद है। इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि जो लोग घायल हुए हैं वे जल्द स्वस्थ हो जाएं।"
बता दें कि मंगलवार को आईपीएल का पहला टाइटल जीतने के एक दिन बाद यानी बुधवार को आरसीबी की टीम बेंगलुरु पहुंची। जब टीम एयरपोर्ट पहुंची तो वहां हजारों फैंस मौजूद थे। RCB की टीम का विधानसभा में कर्नाटक सरकार ने सम्मान किया। एक प्रोग्राम चिन्नास्वामी स्टेडियम में भी था। स्टेडियम के बाहर लाखों की भीड़ जमा हो गई थी। इस दौरान वहां भगदड़ मच गई जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई।
Created On :   4 Jun 2025 8:51 PM IST