40 से ज्यादा ट्रेनें रद्द और कई डायवर्ट: वैष्णो देवी भूस्खलन में बढ़ी मृतकों की संख्या, एक ओर 32 लोगों के मौत का गम, दूसरी तरफ यातायात ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें

- वैष्णो देवी भूस्खलन के बाद यातायात प्रभावित
- मृतकों की संख्या बढ़ कर पहुंची 32
- कई अभी भी लापता
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के कटरा में वैष्णो देवी मार्ग पर मंगलवार को हुए भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़ गई है। मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 32 तक पहुंच गया है। मृतकों के नाम की लिस्ट भी सामने आई है जिसमें ज्यादा नाम महिलाओं के हैं। वहीं, कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। यह हादसा दोपहर करीब तीन बजे अर्धकुमारी मंदिर के पास हुआ। बडे़-बड़े पत्थर, पेड़ धड़ाम से जमीन पर आ गिरे। यह लैंडस्लाइड इतना भीषण था कि इलाके में तबाही मच गई। चारों तरफ कुछ सुना जा सकता था तो वह थी केवल लोगों की चीख-पुकार। भूस्खलन के चलते यातायात पर भी बुरा असर पड़ रहा है। कई ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं।
देखें मरने वालों की सूची
यातायात प्रभावित
एक तरफ जम्मू-कश्मीर के लोग भूस्खलन में मारे गए लोगों के गम में हैं तो दूसरी ओर उन्हें आने-जाने में भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा कारणों के चलते 44 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। इसके अवाला कई ट्रेनें डायवर्ट भी की गईं हैं।
सीएम अबदुल्ला की प्रतिक्रिया
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कटरा में हुए भूस्खलन पर कहा कि अगर हमें मौसम के बारे में पहले से पता होता, तो क्या हम उन निर्दोष लोगों की जान बचाने के लिए कुछ नहीं कर सकते थे? वे ट्रैक पर क्यों थे? उन्हें सुरक्षित जगह पर क्यों नहीं ले जाया गया? हमें दुख है कि कटरा में लगभग 29-30 लोगों की जान चली गई। हमें नदी किनारे अवैध रूप से रह रहे लोगों के लिए कदम उठाने होंगे। उन्हें किसी नई जगह पर बसाना होगा।
थमने का नाम नहीं ले रही बारिश
जम्मू-कश्मीर में बीते कई दिनों से लगातार बारिश का दौर जारी है। कई इलाकों में बादल फटने के बाद बाढ़ आ गई और सब कुछ तहस-नहस कर दिया। मोबाइल टावर और बिजली के खंभे ढह गए।
पीएम मोदी ने जाहिर किया दुख
पीएम मोदी ने वैष्णो देवी मार्ग पर भूस्खलन के बाद हुए हादसे पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया है। पीएम मोदी ने कहा कि माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर हुए भूस्खलन के कारण हुई जनहानि दुखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। ईश्वर करे कि घायल जल्द से जल्द स्वस्थ हों। प्रशासन सभी प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है। मैं सभी की सुरक्षा और कुशलक्षेम के लिए प्रार्थना करता हूं।
Created On :   27 Aug 2025 3:25 PM IST