Jammu Kashmir Landslide: कटरा में कुदरत का कहर, अर्धकुंवारी में भूस्खलन के चलते कई लोगों के घायल होने की आशंका, वैष्णो देवी यात्रा पर रोक

- कटरा में कुदरत ने बरपा कहर
- वैष्णो देवी यात्रा मार्ग के पास लैंडस्लाइड
- कई लोगों के घायल होने की संभावना
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में कुदरत का कहर देखने को मिल रहा है। एक ओर डोडा में लगातार बारिश के चलते हुए लैंडस्लाइड में 4 लोगों की मौत हो गई तो दूसरी ओर कटरा में भी तबाही मच गई है। अर्धकुंवारी में भूस्खलन के चलते वैष्णो देवी की यात्रा को रोकना पड़ा। कई लोगों के घायल होने की आशंका भी बनी हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार (26 अगस्त) को वैष्णो देवी यात्रा मार्ग के पास लैंडस्लाइड की घटना सामने आई है। इस वक्त राज्य में खतरे की घंटी बज रही है। प्रशासन ने सभी को नदी और नालों से दूर रहने की सलाह दी है।
डोडा में फटा बादल
लगातार हो रही बारिश के बीच डोडा में बादल फटने की खबर सामने आई है जिससे भारी तबाही मच गई है। बादल फटने से कई घर पानी में बह गए हैं और कई घरों के दबने की संभावना बताई गई है। जानकारी मिलते ही रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बैठक की है और उन्होंने हालात गंभीर होने की जानकारी दी है। साथ ही लोगों को आश्वासन दिलाया है कि हालात ठीक हो जाएंगे। सीएम लगातार हालातों पर नजर बनाए हुए हैं।
3-4 दिनों से राज्य में बारिश का सिलसिला जारी
डोडा के डिप्टी SP अजय आनंद ने कहा कि पिछले 3-4 दिनों से पूरे जम्मू-कश्मीर में बारिश हो रही है। कल रात से बारिश बहुत तेज़ है। हम डोडा पुल के पास पहुंच गए हैं। यहां पानी का बहाव बहुत तेज है। पानी 1-2 घंटे में पुल तक पहुंच सकता है। चिनाब नदी के किनारे ज्यादातर लोगों को बचा लिया गया है। लोगों से अनुरोध है कि वे अपने घरों से बाहर न निकलें और राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन न लाएं।
Created On :   26 Aug 2025 4:43 PM IST