देश के 29 में से 20 राज्य हुए भगवा, मोदी के आने के बाद इतनी बढ़ी BJP

देश के 29 में से 20 राज्य हुए भगवा, मोदी के आने के बाद इतनी बढ़ी BJP

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने त्रिपुरा में पिछले 25 सालों से सत्ता में काबिज लेफ्ट के किले को ढहाकर अपनी सरकार बना ली है। यहां बीजेपी गठबंधन को 43 सीटें हासिल हुई हैं। वहीं नागालैंड में भी बीजेपी अपने सहयोगी दल के साथ बहुमत के बेहद करीब है। इन दोनों राज्य में सरकार बनाने के साथ ही देश के 29 राज्यों में से 20 राज्य बीजेपी शासित राज्य हो जाएंगे। वहीं कांग्रेस शासित राज्यों की संख्या महज 3  रह जाएगी। बता दें कि कांग्रेस शासित चौथा राज्य मेघालय में चुनाव परिणाम बराबरी वाले  रहे हैं। यहां कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी के रूप में जरूर उभरी है लेकिव वह बहुमत से काफी दूर है और हो सकता है कि यहां NPP की सरकार बनें।
 गठबंधन की सरकार हो जाएंगे।


लोकसभा चुनावों के बाद कितनी बढ़ी बीजेपी? 

2014 के लोकसभा चुनावों में बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन किया था। लोकसभा में बीजेपी ने 282 सीटों पर कब्जा किया था, जबकि NDA ने 332 सीटों पर जीत दर्ज की थी। ये पहली बार था जब किसी गैर-कांग्रेसी पार्टी को लोकसभा में बहुमत मिला था। मई 2014 में जब नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बने थे, तब बीजेपी सिर्फ 5 राज्य (मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, गुजरात और नागालैंड) में ही थी, लेकिन 4 साल के अंदर ही बीजेपी 20 राज्यों में अपनी पकड़ बना चुकी है। 2017 में ही 7 राज्यों में चुनाव हुए थे, जिसमें से बीजेपी ने 6 राज्यों में अपनी सरकार बनाई थी, जबकि पंजाब में कांग्रेस अपनी सरकार बनाने में कामयाब हुई थी। 


अभी किन-किन राज्यों में बीजेपी सरकार? 

1. मध्य प्रदेश : मध्य प्रदेश में बीजेपी 2003 से ही सत्ता में हैं और 2013 के विधानसभा चुनावों में बीजेपी ने यहां तीसरी बार अपनी सरकार बनाई थी। 2013 के विधानसभा चुनावों में बीजेपी ने यहां की 230 में से 165 सीटों पर कब्जा किया था, जबकि कांग्रेस सिर्फ 58 सीटों पर ही जीत पाई थी। इस साल के आखिरी में यहां पर विधानसभा चुनाव होने हैं।

2. छत्तीसगढ़ : इस राज्य में बीजेपी तीन बार से सत्ता में हैं। 2013 में यहां की 90 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव हुए थे। उस वक्त बीजेपी ने यहां की 49 और कांग्रेस ने 39 सीटों पर जीत दर्ज की थी। जबकि 2 सीटों पर अन्य ने जीत हासिल की थी। बीजेपी की तरफ से रमन सिंह ने 2013 में तीसरी बार यहां के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी। यहां भी साल के आखिरी में विधानसभा चुनाव होने हैं।

3. राजस्थान : राजस्थान में भी 2013 में ही विधानसभा चुनाव हुए थे। दिसंबर 2013 में हुए चुनावों में बीजेपी ने 5 साल बाद फिर वापसी करते हुए 200 में से 163 सीटों पर कब्जा किया था और वसुंधरा राजे मुख्यमंत्री बनाईं गईं थीं। इन चुनावों में कांग्रेस सिर्फ 21 सीटें ही जीत पाई थी।

 

Image result for modi in 2014 lok sabha

 

4. हरियाणा : इस राज्य में भी 2014 में विधानसभा चुनाव हुए थे। राज्य की 90 सीटों के लिए अक्टूबर 2014 में चुनाव हुए थे। चुनावों में बीजेपी ने 47 सीटों के साथ बहुमत से अपनी सरकार बनाई और मनोहर लाल खट्टर मुख्यमंत्री बनाए गए। जबकि इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) को 19 और कांग्रेस को 15 सीटों पर जीत मिली थी।

5. महाराष्ट्र : हरियाणा के साथ ही महाराष्ट्र के चुनाव भी कराए गए थे। बीजेपी ने यहां की 288 सीटों में से 122 सीटें जीती थी और शिवसेना ने 63 सीटों पर दर्ज की थी। हालांकि चुनावों में किसी को बहुमत नहीं मिला था, जिसके बाद बीजेपी और शिवसेना ने मिलकर सरकार बनाई थी और देवेंद्र फडनवीस मुख्यमंत्री बने थे। चुनावों में कांग्रेस ने 42 और NCP ने 41 सीटों पर जीत हासिल की थी। 

6. झारखंड : पहली बार झारखंड में बहुमत के साथ सरकार बनी थी। लोकसभा चुनावों के बाद हुए झारखंड विधानसभा चुनावों में बीजेपी ने यहां की 81 में से 42 सीटों पर जीत दर्ज की थी और रघुवर दास यहां के मुख्यमंत्री बनाए गए थे। जबकि 19 सीटों के साथ झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) दूसरे नंबर की पार्टी बनी थी। 

7. असम : राज्य की 126 सीटों के लिए 2016 में विधानसभा चुनाव हुए थे। 15 सालों से चली आ रही कांग्रेस सरकार को इन चुनावों में बीजेपी ने उखाड़ फेंका था। चुनावों में बीजेपी ने असम गण परिषद (AGP) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) के साथ गठबंधन किया था। इसमें बीजेपी को 60, AGP को 14 और BPF को 12 सीटों पर जीत मिली थी और सर्वानंद सोनोवाल मुख्यमंत्री बने थे। जबकि कांग्रेस ने सिर्फ 26 सीटों पर ही कब्जा किया था। 

8. अरुणाचल प्रदेश : यहां पर पेमा खांडू मुख्मंत्री हैं, जो 2016 में बीजेपी में शामिल हुए थे। 2016 के विधानसभा चुनावों में बीजेपी ने यहां की 60 में से 48 सीटों पर कब्जा किया था। जबकि पीपुल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल ने 9 और कांग्रेस ने 1 सीट पर जीत हासिल की थी।

 9. सिक्किम : सिक्किम विधानसभा में बीजेपी का एक भी विधायक नहीं है, लेकिन राज्य में सत्ताधारी पार्टी सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (SDF) ने 2014 के चुनावों में यहां की 32 में से 28 सीटें जीती थी। SDF, NDA का हिस्सा है और इस तरह से सिक्किम भी उन राज्यों की लिस्ट में आता है, जहां बीजेपी और उसके सहयोगियों की सरकार है।

10. उत्तर प्रदेश : इस राज्य में पिछले साल विधानसभा चुनाव हुए थे। चुनावों में बीजेपी ने उत्तर प्रदेश की 403 में से 325 सीटों पर कब्जा किया था और योगी आदित्यनाथ यहां के मुख्यमंत्री बनाए गए थे। यूपी में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने मिलकर चुनाव लड़ा था और इस गठबंधन ने मात्र 47 सीटें ही जीती थीं। जबकि बहुजन समाज पार्टी (BSP) सिर्फ 19 सीटें ही जीत पाई थी।

 

Image result for modi and amit shah

 

11. उत्तराखंड : यूपी के साथ-साथ उत्तराखंड में भी 70 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव हुए थे। इन चुनावों में बीजेपी ने 70 में से 57 सीटें जीती थीं और त्रिवेंद्र सिंह रावत मुख्यमंत्री बनाए गए थे। इन चुनावों में कांग्रेस 11 सीटों पर सिमट गई थी। 

12. मणिपुर : पूर्वोत्तर के राज्य मणिपुर में पहली बार बीजेपी की सरकार बनी थी। 2017 के विधानसभा चुनावों में बीजेपी ने यहां की 60 में से 21 सीटें और कांग्रेस ने 28 सीटें जीती थी। राज्य में किसी को बहुमत नहीं मिला था। हालांकि बाद में बीजेपी ने निर्दलीय विधायकों के साथ मिलकर अपनी सरकार बना ली थी और एन बीरेन सिंह ने मणिपुर के 12वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी।

13. गोवा : 2017 के विधानसभा चुनावों के बाद मनोहर पर्रिकर को दोबारा यहां का मुख्यमंत्री बनाया गया। गोवा विधानसभा चुनावों की 40 सीटों में से बीजेपी ने 13 और कांग्रेस ने 17 सीटों पर जीत दर्ज की थी। यहां भी बाद में बीजेपी ने जोड़-तोड़ कर सरकार बना ली थी और सबसे बड़ी पार्टी होने के बावजूद कांग्रेस को विपक्ष में बैठना पड़ा था।

14. बिहार : बिहार विधानसभा चुनावों में बीजेपी ने अकेले चुनाव लड़ा और हार गई। राज्य में JDU-RJD ने मिलकर सरकार बनाई। हालांकि, बाद में ये गठबंधन टूट गया और बिहार में नीतीश कुमार ने बीजेपी के समर्थन से सरकार बनाई। बीजेपी के सुशील मोदी सरकार में डिप्टी सीएम बनाए गए। 

15. जम्मू-कश्मीर : लोकसभा चुनावों के बाद जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव हुए थे। राज्य की 87 विधानसभा सीटों में से पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) ने सबसे ज्यादा 28 सीटें जीती थी। राज्य में पहली बार बीजेपी 25 सीटें जीतने में कामयाब हुई थी। बाद में BJP-PDP ने मिलकर सरकार बना ली थी। जम्मू-कश्मीर में मुफ्ती मोहम्मद सईद के बाद महबूबा मुफ्ती सीएम बनीं और डिप्टी सीएम की जिम्मेदारी बीजेपी के निर्मल सिंह को दी गई।

16. आंध्र प्रदेश : 2014 के विधानसभा चुनावों में तेलुगु देशम पार्टी ने राज्य की 175 में से 102 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत के साथ अपनी सरकार बनाई थी। विधानसभा में बीजेपी के सिर्फ 4 विधायक ही हैं, जो चंद्रबाबू नायडू सरकार के साथ हैं। 

17. गुजरात : हाल ही में गुजरात विधानसभा की 182 सीटों के लिए चुनाव हुए थे। दिसंबर में हुए चुनावों में बीजेपी ने यहां की 99 सीटों पर जीत दर्ज कर लगातार 5वीं बार जीत दर्ज की और विजय रूपाणी दूसरी बार गुजरात के मुख्यमंत्री बनाए गए। गुजरात में कांग्रेस ने 2012 के मुकाबले 16 सीटें ज्यादा जीतते हुए इस बार 77 सीटों पर कब्जा किया था। 

 

Image result for modi and amit shah in rally

 

18. हिमाचल प्रदेश : गुजरात के साथ ही हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित किए गए थे। इन चुनावों में बीजेपी ने कांग्रेस को हराकर पूर्ण बहुमत के साथ 68 में से 44 सीटों पर जीत दर्ज कर अपनी सरकार बनाई थी। काफी दिन तक चली उठा-पठक के बाद जयराम ठाकुर को यहां का मुख्यमंत्री बनाया गया था। इन चुनावों में कांग्रेस ने 21 सीटों पर जीत हासिल की थी। 

19. नागालैंड : नागालैंड में बीजेपी ने इस बार 15 साल पुराने नगा पीपुल्स फ्रंट (NPF) से गठबंधन तोड़कर NDPP से हाथ मिलाया। पार्टी ने 60 सीटों में से 20 पर अपने उम्मीदवार खड़े किए और NDPP ने 40 सीटों पर चुनाव लड़ा। यहां बीजेपी गठबंधन बहुमत के बेहद करीब है और उसकी सरकार बनना लगभग तय माना जा  रहा है।

20. त्रिपुरा : नॉर्थ-ईस्ट के इस राज्य में भी 60 विधानसभा सीटें हैं। 1978 के बाद से 1988-93 के दौरान ही सिर्फ एक बार लेफ्ट सत्ता से दूर रही है और उसके बाद से पिछले 25 सालों तक यहां लेफ्ट का ही कब्जा रहा है। 2013 के चुनावों में लेफ्ट ने यहां की 60 में से 50 सीटों पर कब्जा किया था, जबकि बीजेपी अपना खाता भी नहीं खोल पाई थी। लेकिन 2018 के विधानसभा चुनावों में बीजेपी ने इंडीजिनियस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (IPFT) के साथ मिलकर चुनाव लड़ा। बीजेपी गठबंधन को यहां 43 सीटों पर जीत हासिल हुई है।

Created On :   3 March 2018 7:45 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story