हिमाचल: इमारत ढहने से 13 जवानों समेत 14 की मौत, CM ने दिए जांच के आदेश

हिमाचल: इमारत ढहने से 13 जवानों समेत 14 की मौत, CM ने दिए जांच के आदेश
हाईलाइट
  • सोलन के कुम्हारहट्टी में रविवार शाम एक बहुमंजिला रेस्टोरेंट ढहा 
  • हादसे में 13 जवानों सहित 14 लोगों की मौत

डिजिटल डेस्क, सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन में होटल ढहने से अब तक 13 जवानों सहित कुल 14 लोगों की मौत हो चुकी है। रविवार देर शाम चार मंजिला इमारत के गिरने से सेना के 30 जवानों सहित 42 लोग मलबे में फंस गए थे।  जिनमें से 31 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गयाष। सेना और एनडीआएफ की टीम ने पूरी रात रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। रेस्क्यू किए गए लोगों में से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सोमवार को घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव अभियान का जायजा लिया। सीएम ने मामले की जांच के आदेश भी दिए हैं। 

जानकारी के मुताबिक, सोलन में कुम्हारहट्टी मार्ग पर स्थित यह इमारत भारी बारिश के चलते ढह गई थी। इसमें एक रेस्टोरेंट भी था। जिस वक्त ये हादसा हुआ उस समय सेना के करीब 30 जवान सेहज ढाबा गेस्टहाउस में खाना खाने रुके थे, जिसमें से 13 की मौत हो गई। इस दौरान जवानों के साथ उनके परिवार के लोग भी मौजूद थे। ढाबा चलाने वाली महिला को भी बचाया नहीं जा सका। 

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं। सीएम जयराम ठाकुर ने सोमवार (15 जुलाई) को मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान का जायजा लिया। सीएम जयराम ठाकुर ने कहा- यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। बचाव अभियान तुरंत शुरू किया गया। बिल्डिंग के गिरने के कारणों की जांच के आदेश दिए गए हैं। अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार, इमारत की संरचना स्पेसिफिकेशंस के अनुसार नहीं थी। 

वहीं लगातार भारी बारिश के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन में मुश्किल भी हो रही थी। एनडीआरएफ के जवान घटनास्थल पर आधुनिक मशीनरी के साथ मौके पर पहुंचे। स्निफर डॉग्स की भी मदद ली गई। मलबे में फंसे सभी लोगों को निकाल लिया गया है। घटना को लेकर CM ने ट्वीट किया था, सोलन के समीप कुमारहट्टी में एक निजी होटल ढहने की दुःखद सूचना मिली है। राहत कार्य में NDRF की टीम सहित स्थानीय प्रशासन जुटा है। लोगों को सुरक्षित बचाने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
 

Created On :   15 July 2019 2:52 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story