92 के हुए लालकृष्ण आडवाणी, PM मोदी ने घर जाकर दी जन्मदिन की बधाई

92 के हुए लालकृष्ण आडवाणी, PM मोदी ने घर जाकर दी जन्मदिन की बधाई

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के सबसे वरिष्ठ और दिग्गज नेता लालकृष्ण आडवाणी का आज (शुक्रवार) जन्मदिवस है। साल 1992 के अयोध्या आंदोलन के महानायक और देश की राजनीति को नई धारा देने वाले आडवाणी ने अपने जीवन के आज 92 साल पूरे कर लिए हैं। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आडवाणी के घर पहुंच कर उन्हें गुलदस्ता भेंट करते हुए जन्मदिन की बधाई दी। इस दौरान पीएम मोदी के साथ उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और पार्टी कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा भी शामिल रहे।

 

 

विचारधारा से समझौता नहीं

पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए आडवाणी को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनकी दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की। साथ ही उन्होंने बताया कि "आडवाणी के लिए सार्वजनिक सेवा हमेशा मूल्यों से जुड़ी रही। उन्होंने कभी भी अपनी मुख्य विचारधारा से समझौता नहीं किया।" पीएम मोदी ने यह भी बताया कि "जब देश के लोकतंत्र की रक्षा करने की बात आई थी तो आडवाणी ही सबसे आगे आए थे और एक मंत्री के तौर पर उनके प्रशासनिक कौशल सार्वभौमिक रूप से सराहनीय हैं।"

 

 

 

 

 

लालकृष्ण जैसे नेताओं के कारण उभरी भाजपा : पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ट्वीट में बताया कि "यदि हमारी पार्टी (भाजपा) भारत की राजनीति में एक प्रमुख ध्रुव के रूप में उभरी है तो यह आडवाणी जी जैसे नेताओं और पार्टी के निस्वार्थ कार्यकर्ताओं के कारण संभव हुआ है, जिन्होंने भाजपा को यहां तक पहुंचाने के लिए दशकों तक पार्टी को संभाले रखा।" पीएम मोदी ने कहा कि "भाजपा को आकार और ताकत देने के लिए लालकृष्ण आडवाणी जी दशकों तक शीर्ष पर रहे हैं।"

 

 

भारत को दी नई दिशा : शाह

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने भी लालकृष्ण आडवाणी को ट्वीट कर बधाई दी। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा कि "अपने अथक परिश्रम और संगठन कुशलता से भाजपा को एक राष्ट्रीय पार्टी का स्वरूप देने वाले हम सबके आदरणीय और भारत के पूर्व उप प्रधानमंत्री श्री लालकृष्ण आडवाणी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर आपको स्वस्थ जीवन व दीर्घायु प्रदान करे, मैं ऐसी कामना करता हूं।"

 

 

 

आडवाणी का जीवन राष्ट्र विकास पर समर्पित : शाह

अमित शाह ने लालकृष्ण आडवाणी के जीवन को राष्ट्रीय विकास और राष्ट्रीय कल्याण के लिए समर्पित बताया। उन्होंने लिखा कि "आडवाणी जी का पूरा जीवन राष्ट्र के विकास और कल्याण के लिए समर्पित है। अपनी अद्भुत नेतृत्व क्षमता से उन्होंने न सिर्फ पार्टी की एक मजबूत नींव रखी बल्कि लाखों कार्यकर्ताओं को भी प्रेरित किया। सरकार में रहते हुए आडवाणी जी ने राष्ट्रहित सर्वोपरि मान भारत को नयी गति देने का काम किया।"

 

 

उत्तराखंड से उमा ने दी शुभकामनाएं

लालकृष्ण आडवाणी की सबसे करीबी भाजपा नेताओं में से एक उमा भारती, आज उत्तराखंड के कोटेश्वर पहुंची हैं। उन्होंने भी आडवाणी को उनके जन्मदिन की बधाई देने के लिए ट्वीट किया है। उमा ने अपने ट्वीट में लिखा कि "भारतीय जनता पार्टी के पुरोधा, राजनीति की गरिमा एवं शालीनता के अनुपम उदाहरण, मेरे प्यारे पिता समान दादा, आदरणीय श्री लालकृष्ण आडवाणी जी को हिमालय उत्तराखंड से जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई।"

 

 

 

Created On :   8 Nov 2019 5:45 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story